हल्द्वानी: कमबख्त ये जाम और अतिक्रमण से कब मिलेगी निजात – परेशान जनता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर के मुख्य मार्गों पर जाम की समस्या दिन प्रतिदिन भयंकर होती जा रही है। सड़कों के दोनों तरफ भरपूर तादाद में अतिक्रमणकारियों का कब्जा बरकरार है। विभागीय तौर पर कई बार अतिक्रमण के खिलाफ हल्ला बोला गया लेकिन कुछ दिन बीतते ही दोबारा से अतिक्रमणकारी विभागीय कवायदों पर पानी फेर देते …

हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर के मुख्य मार्गों पर जाम की समस्या दिन प्रतिदिन भयंकर होती जा रही है। सड़कों के दोनों तरफ भरपूर तादाद में अतिक्रमणकारियों का कब्जा बरकरार है। विभागीय तौर पर कई बार अतिक्रमण के खिलाफ हल्ला बोला गया लेकिन कुछ दिन बीतते ही दोबारा से अतिक्रमणकारी विभागीय कवायदों पर पानी फेर देते है। फलस्वरुप सड़कों के दोनों तरफ के फुटपाथ और यहां तक की सड़क के बीच में ही दुकानें सजा लेते है। नतीजतन, यहां आए दिन आम जनमानस को सड़कों पर जाम का खमियाजा भुगतना पड़ रहा है।

नगर निगम की ठोस कार्रवाई भी बेअसर
नगर निगम द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ हाल ही में हफ्ते भर तक ताबड़तोड़ अभियान चलाया गया था। इस दौरान दर्जन भर से ज्यादा दुकानदारों सहित ठेला, फड़ व्यापारियों के चालान भी काटे गए थे। निगम के अफ्सरों द्वारा कार्रवाई के बाद उम्मीद थी की कम से कम शहर के मुख्य मार्गों पर अतिक्रमणकारियों का कब्जा दोबारा नही होगा। लेकिन अभियान के कुछ दिन बीतते ही इन जगहों पर फिर से अतिक्रमणकारी हावी हो गए है। मानों विभागीय कवायद को मुंह चिढ़ा रहे हो।

जनवरी माह में यहां चला था अभियान
नगर निगम वर्कशॉप लाइन में तिकोनिया चौराहा से प्रेम सिनेमा हाल तक , स्टेशन रोड, नैनीताल रोड, बाजार क्षेत्र में मीरा मार्ग, रेलवे बाजार, सदर बाजार, नया बाजार, कारखाना बाजार, पटेल चौक सहित अनेक जगहों पर नगर निगम द्वारा अभियान चलाया गया था। लेकिन वर्तमान में इन सभी जगहों पर अतिक्रमणकारियों ने कब्जा कर रखा है।

पूर्व में अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई की गई है और दोबारा न करने की हिदायत दी गई थी। नगर निगम द्वारा फिर से अभियान चलाया जाएगा। मौके पर पाए जाने पर उनके विरुद्ध कठोर कार्यवाई की जाएगी। विजेंद्र सिंह चौहान, सहायक नगर आयुक्त, हल्द्वानी

सुरक्षा माह के बाद अब पुलिस चलाएगी अभियान
यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पुलिस विभाग द्वारा एक माह तक यातायात सुरक्षा माह का आयोजन किया गया। लेकिन शहर की सड़कों पर आए दिन ट्रैफिक की लंबी लाइनें लग रही है। इस कारण लोगों को देर तक जाम में फंसे रहना पड़ रहा है। जाम की विकराल होती समस्या में कमी लाने के लिए पुलिस विभाग द्वारा अभियान चलाया जाएगा। एसएसपी प्रीति प्रियदर्शनी ने बताया कि जाम की समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए संबंधित सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश जारी कर अभियान चलाया जाएगा।

संबंधित समाचार