हल्द्वानी: ट्रक-स्कूटी की भिड़ंत में एक की मौत, एक गंभीर
हल्द्वानी, अमृत विचार। नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर भुजियाघाट के पास ट्रक-स्कूटी की भिड़ंत में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दूसरा बुरी तरह घायल हो गया। पुलिस और पब्लिक ने पीड़ितों को 108 से अस्पताल भेजा। ट्रक को मय चालक पकड़ लिया गया। पुलिस दुर्घटना की जांच में जुट गई है। सोमवार दोपहर पश्चिम …
हल्द्वानी, अमृत विचार। नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर भुजियाघाट के पास ट्रक-स्कूटी की भिड़ंत में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दूसरा बुरी तरह घायल हो गया। पुलिस और पब्लिक ने पीड़ितों को 108 से अस्पताल भेजा। ट्रक को मय चालक पकड़ लिया गया। पुलिस दुर्घटना की जांच में जुट गई है।
सोमवार दोपहर पश्चिम बंगाल नंबर की एक स्कूटी पर सवार दो युवक नैनीताल से हल्द्वानी की ओर आ रहे थे। तभी भुजियाघाट के पास विपरीत दिशा से आ रहे इंडेन के ट्रक से स्कूटी की भिड़ंत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पब्लिक की मदद से लहुलुहान युवकों को 108 से बेस अस्पताल भेजा। जहां, एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया। जेब में आधार से मृतक की शिनाख्त सुमित (29) पुत्र मुखानी के रूप में हुई। जबकि दूसरे घायल की पहचान लालकुआं के बंगाली कॉलोनी निवासी पंकज (28) पुत्र हनुमान के रूप में हुई। हालत गंभीर देखकर पंकज को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इस बीच बेस अस्पताल पहुंचे परिजनों ने उसे नैनीताल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। काठगोदाम एसओ विमल मिश्र ने बताया कि ट्रक और चालक के साथ ही दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी कब्जे में ले ली है। हर पहलू से दुर्घटना की जांच कराई जा रही है।
देर शाम तक नहीं मिला मृतक का घर
हल्द्वानी। हादसे में मारे गए सुमित की पहचान भले ही आधार कार्ड से हुई, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी पुलिस उसका घर नहीं ढूंढ पाई। एसओ ने बताया कि आधार में घर के पते पर महज 137, मुखानी दर्ज है। स्पष्ट पता दर्ज न होने के चलते घरवालों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। घायल युवक को भी मृतक के घर और परिजनों की जानकारी नहीं है। अब काठगोदाम पुलिस ने मुखानी पुलिस से मृतक का घर खोजने और परिजनों से संपर्क साधने में मदद मांगी है।
