रुद्रपुर: आढ़ती के साथ 10 लाख की धोखाधड़ी
रुद्रपुर, अमृत विचार। रुद्रपुर के आढ़ती से यूपी के व्यापारी ने लाखों रुपये की धोखाधड़ी कर ली। शरबती धान क्रय को लेकर सौदा हुआ था जिसके एवज में 10 लाख रुपये उसकी फर्म के खाते में जमा किये गए थे। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने यूपी के व्यापारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया …
रुद्रपुर, अमृत विचार। रुद्रपुर के आढ़ती से यूपी के व्यापारी ने लाखों रुपये की धोखाधड़ी कर ली। शरबती धान क्रय को लेकर सौदा हुआ था जिसके एवज में 10 लाख रुपये उसकी फर्म के खाते में जमा किये गए थे। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने यूपी के व्यापारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रुद्रपुर निवासी राजेश कुमार की गल्ला मंडी में मैसर्स प्रगति फूड्स प्रा लि नाम से प्रतिष्ठान है। जिसमे वह धान व गेहूं क्रय का कार्य करते है। वही उन्होंने यूपी में बरेली के फरीदपुर में एक राइस मिल किराये पर भी ले रखी है। राइस मिल संचालन के दौरान उनकी मुलाकात कस्बा मिलक रामपुर निवासी महेश गुप्ता से हुई। जिसने अपने आपको धान का व्यापारी बताया और कहा कि उसके पास 200 कुंतल धान का स्टॉक है।
धान का सैम्पल का परीक्षण कराकर उसका सौदा 1800 रुपये प्रति कुंतल के हिसाब से तय हुआ और विश्वास करके 30 मार्च 2020 को उसकी फर्म पवन ट्रेडिंग कंपनी, मिलक के खाते में 10 लाख रुपये पीड़ित ने अपनी फर्म के खाते से ट्रांसफर कर दिए। लेकिन उसके बाद भी उक्त व्यक्ति द्वारा तय सौदे के हिसाब से धान नही पहुँचाया। वही उसकी शिकायत उक्त व्यक्ति से करने पर वह एक महीने तक टालमटोल करता रहा और रूपये मांगने पर गाली गलौच पर उतारू होकर जान से मारने की धमकी देने लगा।
साथ ही झूठे केस में फंसाते हुए वहाँ के प्रभावशाली राजनेता का नाम लेकर राइस मिल बंद कराये जाने की भी धमकी देने लगा। जिसका शिकायत पीड़ित ने पुलिस से भी की। लेकिन कोई कार्यवाही नही होने पर उसे न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर अनुसार हाल निवासी भूरारानी निवासी महेश गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
