हल्द्वानी: बरेली रोड पर पार्षद पर हमला, चौकी में प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। गांधीनगर पार्षद पर सरेराह तीन भाईयों ने हमला कर दिया। आरोप है कि दर्जा राज्यमंत्री के इशारे पर तीन नशा कारोबारियों ने हमला किया। घटना के विरोध और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पार्षद और समर्थकों ने मंगल पड़ाव चौकी में प्रदर्शन किया। शनिवार को वार्ड नंबर 27 के पार्षद रोहित कुमार …

हल्द्वानी, अमृत विचार। गांधीनगर पार्षद पर सरेराह तीन भाईयों ने हमला कर दिया। आरोप है कि दर्जा राज्यमंत्री के इशारे पर तीन नशा कारोबारियों ने हमला किया। घटना के विरोध और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पार्षद और समर्थकों ने मंगल पड़ाव चौकी में प्रदर्शन किया।

शनिवार को वार्ड नंबर 27 के पार्षद रोहित कुमार बरेली रोड पर खाना खा रहे थे। पार्षद के अनुसार इस बीच यूपी के संभल और हाल बरेली रोड निवासी तीन सगे भाई विपिन, राजेंद्र और राम ने उन्हें घेर कर मारपीट शुरू कर दी। पार्षद पर सरेआम हाथ साफ करने और आसपास के लोगों के जुटने के बाद आरोपी मौके से खिसक लिए। इस बीच पार्षद के गले की सोने की चेन भी गायब हो गई। घटना का पता चलने के बाद पार्षद के समर्थक भड़क उठे।

एकजुट हुए समर्थक पार्षद समेत चौकी में धरने पर बैठ गए और प्रदर्शन किया

इस मौके पर प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आरोपी क्षेत्र में स्मैक बेचते हैं। इससे युवा पीढ़ी नशे के दलदल में धंसती जा रही है और क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। पार्षद समय-समय पर अवैध धंधे के खिलाफ आवाज उठाने के साथ पुलिस से शिकायत करते हैं। नशा कारोबार पर नकेल कसने के लिए उन्होंने क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए हैं। इससे आरोपी उनसे रंजिश रखने लगे हैं। इससे पहले भी वे उन्हें अंजाम भुगतने की धमकी दे चुके हैं। आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के एक दर्जा राज्यमंत्री की शह पर क्षेत्र में नशे का कारोबार फूल-फल रहा है।

राज्यमंत्री आरोपियों को संरक्षण दे रहे हैं। उन्हीं के इशारे पर हमला किया गया। उन्होंने पुलिस पर भी दर्जा राज्यमंत्री के दबाव में नशा कारोबारियों पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। इधर, पुलिस अधिकारियों के समझाने-बुझाने और कार्रवाई के भरोसे के बाद प्रदर्शनकारी माने। इस मामले में पार्षद की ओर से पुलिस को दी तहरीर पर तीनों आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया गया। एसएसआई कैलाश सिंह नेगी ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। उन्होंने निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिया।

दर्जा राज्यमंत्री के किराएदार हैं आरोपी
हल्द्वानी। पार्षद का कहना है कि नशे का कारोबार करने वाले आरोपी सत्ता पक्ष के राज्यमंत्री के किराएदार हैं। इनकी गतिविधियां और पृष्ठभूमि संदिग्ध हैं। आरोपी इससे पहले राजपुरा में रहते थे। वहां भी इनके खिलाफ नशा कारोबार की शिकायतें आम थी। इसे देखते हुए स्थानीय पार्षद ने इन्हें वार्ड से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। इधर, दर्जा राज्यमंत्री का कहना है कि उनका आरोपियों से कोई सरोकार नहीं है। पार्षद दुर्भावनावश झूठा आरोप लगा रहे हैं।

संबंधित समाचार