हल्द्वानी: युवक के ऊपर से धड़धड़ाती हुई गुजर गई ट्रेन की 10 बोगियां
हल्द्वानी, अमृत विचार। रेलवे ट्रैक पार कर रहे युवक लखनऊ से आ रही बाघ एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। युवक के ऊपर से ट्रेन की 10 बोगियां धड़धड़ाती हुई गुजर गई। बाद में सूचना पर पहुंची आरपीएफ ने ट्रेन के नीचे फंसे युवक को निकाल कर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल अब युवक की …
हल्द्वानी, अमृत विचार। रेलवे ट्रैक पार कर रहे युवक लखनऊ से आ रही बाघ एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। युवक के ऊपर से ट्रेन की 10 बोगियां धड़धड़ाती हुई गुजर गई। बाद में सूचना पर पहुंची आरपीएफ ने ट्रेन के नीचे फंसे युवक को निकाल कर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल अब युवक की हालत मे सुधार बताया जा रहा है।
काठगोदाम रेलवे पुलिस बल अधिकारियों के अनुसार मंगलवार की देर रात करीब 10:22 बजे बाघ एक्सप्रेस आ रही थी। इस बीच गोरापड़ाव रेलवे फाटक के समीप ट्रैक पार कर रहा एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। जब तक लोको पायलट ट्रेन रोकता तब तक 10 बोगियां धड़धड़ाती हुई युवक के ऊपर से गुजर गई और ट्रेन के रुकने से युवक ट्रेन के नीचे ही फंस गया। इस बीच किसी ने घटना की सूचना आरपीएफ को दी।
सूचना पर आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि युवक हिल रहा था। इस पर उन्होंने यात्रियों की मदद से ट्रेन के नीचे फंसे युवक को बामुश्किल बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस से निकटवर्ती सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हैरानी की बात यह थी कि ट्रेन की 10 बोगियां गुजरने के बाद भी युवक को गंभीर चोटें नहीं आई थी। युवक की शिनाख्त रिंकू (25 वर्ष) पुत्र शोभाराम निवासी सितारगंज ऊधम सिंह नगर, हाल निवासी गोरा पड़ाव के रुप में हुई।
आरपीएफ ने घायल युवक के परिजनों को घटना की सूचना दी। फिलहाल युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है।
काठगोदाम आरपीएफ पोस्ट प्रभारी रणदीप कुमार ने बताया कि गोरा पड़ाव के समीप ट्रैक पार करते समय एक युवक बाघ एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। सूचना पर पहुंची आरपीएफ टीम ने युवक को निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी हालत स्थिर है।
