हल्द्वानी: उपनिबंधक कार्यालय की वेबसाइट तीन माह से बंद, कामकाज पूरी तरह ठप
हल्द्वानी, अमृत विचार। उपनिबंधक फर्म्स, सोसायटी एवं चिट्स कार्यालय की वेबसाइट करीब तीन माह से खराब पड़ी है। इस वजह से फर्म, सोसायटी के संशोधन और नए पंजीयन के आवेदन भी ऑनलाइन स्वीकार नहीं किए जा रहे हैं। इसका नतीजा, लोग संशोधन व पंजीयन के लिए उप निबंधक कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं लेकिन …
हल्द्वानी, अमृत विचार। उपनिबंधक फर्म्स, सोसायटी एवं चिट्स कार्यालय की वेबसाइट करीब तीन माह से खराब पड़ी है। इस वजह से फर्म, सोसायटी के संशोधन और नए पंजीयन के आवेदन भी ऑनलाइन स्वीकार नहीं किए जा रहे हैं। इसका नतीजा, लोग संशोधन व पंजीयन के लिए उप निबंधक कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं लेकिन उनका काम नहीं हो रहा है।
गैर सरकारी संगठन, पार्टनरशिप फर्म, चिट्स सोसायटी के लिए उप निबंधक कार्यालय में पंजीयन व संशोधन कराना होता है। पूर्व में व्यवस्था थी कि फर्म, सोसायटी में पंजीयन व संशोधन जैसे पार्टनर का नाम, पता, उम्र बदलने के लिए मैनुअली आवेदन कर सकते थे। इधर 2017 से इस पूरे सिस्टम को ऑनलाइन कर दिया गया।
ऑन लाइन होने के बाद नियम बनाया गया कि किसी भी किस्म के आवेदन को मैनुअली स्वीकार नहीं किया जाएगा। सिर्फ ऑन लाइन ही आवेदन मान्य होगा। करीब तीन माह से उप निबंधक कार्यालय का वेबसाइट में तकनीकी कमियां आ रही हैं। इसकी वजह से फर्म व सोसायटी से जुड़े लोग नए पंजीयन, संशोधन के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। विभागीय कर्मचारियों ने भी ऑनलाइन संशोधन की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। इससे उपनिबंधक कार्यालय में तकरीबन तीन माह से काम-काज पूरी तरह ठप है।
इस तरह करते हैं आवेदन
कोई भी व्यक्ति www.ekosh.uk.gov.in पर जाकर फर्म, सोसायटी, चिट्स के लिए रजिस्टर फॉर सोसायटी लिंक पर नए पंजीयन व संशोधन के लिए सीधे आवेदन कर सकता है। यहीं से विभागीय कर्मी भी संशोधन वगैरह करेंगे। यह लिंक करीब तीन माह से तकनीकी कमी के चलते खराब है।
पूजा नेगी उप निबंधक ने बताया पोर्ट नया बना है, इसमें अभी काम व संशोधन चल रहा है इस वजह से ये परेशानी हो रही है। फर्म्स, सोसायटी के संशोधन और कभी-कभी नए पंजीयन के आवेदन में भी परेशानी हो रही है। यदि किसी को आवेदन करने में परेशानी हो तो सीधे कार्यालय में संपर्क करें उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
