हल्द्वानी: होली पर भी जंगलों में मुस्तैद रहेंगे वन कर्मी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। होली के पर्व में शिकारियों के खतरे के मद्देनजर पश्चिमी वन वृत्त में अलर्ट जारी कर दिया गया है। खासकर उप्र बार्डर से सटे जंगलों में निगरानी की जा रही है। इससे पूर्व कार्बेट टाइगर रिजर्व और नंधौर वन्यजीव अभ्यारण्य के स्टाफ का अवकाश निरस्त किया जा चुका है। पश्विमी वन वृत्त …

हल्द्वानी, अमृत विचार। होली के पर्व में शिकारियों के खतरे के मद्देनजर पश्चिमी वन वृत्त में अलर्ट जारी कर दिया गया है। खासकर उप्र बार्डर से सटे जंगलों में निगरानी की जा रही है। इससे पूर्व कार्बेट टाइगर रिजर्व और नंधौर वन्यजीव अभ्यारण्य के स्टाफ का अवकाश निरस्त किया जा चुका है।

पश्विमी वन वृत्त में तराई पूर्वी, तराई केंद्रीय, तराई पश्चिमी, हल्द्वानी और रामनगर पांच वन डिविजन शामिल है। इनमें तराई पूर्वी,  तराई पश्चिमी के जंगल उप्र बार्डर से सटे हुए हैं जबकि हल्द्वानी वन डिविजन के जंगल अंतर्राष्ट्रीय बार्डर नेपाल तक हैं। इधर होली पर तंत्र मंत्र और अन्य वजह से शिकारियों की घुसपैठ और शिकार का खतरा बढ़ जाता है।

इसको देखते हुए पश्चिमी वन वृत्त के संरक्षक जीवन चंद्र जोशी ने हाई अलर्ट जारी किया है। उन्होंने सभी डीएफओ को पत्र लिखकर होली पर जंगलों की सुरक्षा के लिए इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। खासकर उप्र बार्डर से सटे जंगल जैसे काशीपुर, रुद्रपुर, खटीमा, सितारगंज, बनबसा, चंपावत में जंगलों में निगरानी  करने के निर्देश दिए हैं। इनमें रेंज कर्मचारियों को टीमें बनाकर लंबी दूरी की गश्त करने, थर्मल कैमरा स्थापित किए गए हैं। वहीं वन कर्मचारियों के गश्ती स्टाफ का भी अवकाश निरस्त कर दिया गया है। रेंज अधिकारियों को भी बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।

पश्चिमी वन वृत्त के  संरक्षक जीवन चंद्र जोशी ने बताया कि होली पर जंगलों में शिकार के मद्देनजर वन कर्मचारियों को चौंकन्ना रहने के लिए कहा गया है। नंधौर वन्यजीव अभ्यारण्य व उप्र बार्डर से सटे जंगलों के गश्ती स्टाफ के अवकाश निरस्त हैं। सभी को मुस्तैदी से जंगल की सुरक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।

कार्बेट टागइर में 800 कर्मचारियों का अवकाश किया गया है निरस्त

कार्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक राहुल ने बताया कि पार्क का 50 किमी का जंगल उप्र बार्डर से सटा हुआ है। यहां सैलानी की आड़ में शिकारी की घुसपैठ का खतरा रहता है। इसलिए कार्बेट के अधिकारियों समेत 800 कर्मचारियों का होली का अवकाश निरस्त किया गया है। बाघों व अन्य जीवों की सुरक्षा के मद्देनजर थर्मल कैमरे लगाए गए हैं। लंबी दूरी की गश्त के साथ ही हाथी-घोड़े से भी गश्त की जाएगी। जरूरत पड़ने पर ड्रोन से निगरानी होगी। इसी तरह नंधौर वन्यजीव अभ्यारण्य में भी तकरीबन 100 वन कर्मचारियों का अवकाश निरस्त किया गया है।

 

 

संबंधित समाचार