जम्मू-कश्मीर: भाजपा नेता के घर पर आतंकियों का हमला, एक पुलिसकर्मी की मौत
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर में श्रीनगर के नौगाम इलाके में गुरुवार को आतंकवादियों ने एक भाजपा नेता के आवास पर गोलियां चलाईं जिसमें एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि भाजपा नेता अनवर अहमद सुरक्षित हैं। अहमद बारामुला के लिए पार्टी के जिला महासचिव तथा कुपवाड़ा जिले के प्रभारी हैं। अधिकारी …
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर में श्रीनगर के नौगाम इलाके में गुरुवार को आतंकवादियों ने एक भाजपा नेता के आवास पर गोलियां चलाईं जिसमें एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि भाजपा नेता अनवर अहमद सुरक्षित हैं। अहमद बारामुला के लिए पार्टी के जिला महासचिव तथा कुपवाड़ा जिले के प्रभारी हैं।
अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों ने गुरुवार सुबह शहर के बाहरी इलाके में अरिगाम नौगाम में अहमद के आवास पर गार्ड चौकी पर गोलियां चलाईं। गोलीबारी में कांस्टेबल रमीज राजा घायल हो गया और उन्हें शहर के एसएमएचएस अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसएमएचएस अस्पताल के मेडिकल अधीक्षक डॉ. नजीर चौधरी ने बताया कि पुलिसकर्मी को जब अस्पताल लाया गया तो उनकी पहले ही मौत हो गई थी। आतंकवादी घटनास्थल से एक एसएलआर राइफल के साथ फरार हो गए। भाजपा के मीडिया प्रभारी मंजूर भट ने कहा कि पार्टी की कश्मीर इकाई इस हमले की कड़ी निंदा करती है।
वहीं भाजपा प्रवक्ता ने बताया कि पार्टी नेता अनवर खान के नौगाम बाईपास स्थित आवास पर आतंकवादियों ने हमला किया। हमले में गंभीर रूप से घायल गार्ड रमीज अहमद की अस्पताल में मौत हो गयी। अनवर खान पार्टी के बारामूला के जिला सचिव और वे कुपवाड़ा जिले के पार्टी प्रभारी हैं। प्रवक्ता ने बताया कि खान हालांकि सुरक्षित हैं, पुलिस गार्ड ने आतंकवादियों को खदेड़ दिया। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और आतंकवादियों की तलाश में व्यापक अभियान छेड़ दिया है। इस बीच, भाजपा ने खान पर हमले की कड़ी निंदा की है।
