काशीपुर: अग्निकांड से नष्ट हुई फसल का मुआवजा देने को किसानों ने दिया धरना
काशीपुर, अमृत विचार। अग्निकांड से जलकर नष्ट हुई फसल का मुआवजा देने की मांग को लेकर किसानों ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय में प्रदर्शन किया। बुधवार को भारतीय किसान यूनियन (युवा) के प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में किसानों ने बाजपुर रोड स्थित विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय में धरना प्रदर्शन …
काशीपुर, अमृत विचार। अग्निकांड से जलकर नष्ट हुई फसल का मुआवजा देने की मांग को लेकर किसानों ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय में प्रदर्शन किया।
बुधवार को भारतीय किसान यूनियन (युवा) के प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में किसानों ने बाजपुर रोड स्थित विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान किसान हरदीप सिंह ने कहा कि उसका ग्राम कुंआखेड़ा में खेत है। खेत के ऊपर से विभाग की हाइटेंशन लाइन गुजर रही है। इस हाइटेंशन लाइन के तार काफी नीचे लटक रहे हैं।
चार अप्रैल को उक्त बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने से उससे निकली चिंगारी से डेढ़ एकड़ के खेत में लगी गेंहू की फसल जलकर नष्ट हो गई। जिससे उसे करीब 60 हजार रुपये का नुकसान हो गया। पीड़ित ने कहा कि जब उसने विद्युत विभाग के एसडीओ से फोन पर लाइन बंद करने को कहा तो एसडीओ ने उससे अभद्रता की। एसडीओ मौके पर भी नहीं आए। पीड़ित किसान ने कहा कि उसने बैंक से कर्ज लेकर उक्त फसल तैयार की थी।
फसल नष्ट होने से अब उसपर कर्ज चढ़ गया है। किसानों ने पीड़ित किसान को ऊचित मुआवजा दिए जाने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में उपकार सिंह, हरदीप सिंह, गुरदेव सिंह, मक्खन सिंह, मुख्तयार सिंह, जोगा सिंह, सुखविंदर संह, मंदीप सिंह आदि शामिल थे।
किसान और एसडीओ ने सौंपी तहरीर, बाद में हुआ समझौता
काशीपुर। दो दिन पूर्व खेत में झूलती हाईटेंशन बिजली लाइन के कारण गेंहू की पकी फसल जलने से आहत किसान ने विद्युत विभाग के एसडीओ पर अभद्रता का आरोप लगाकर आईटीआई थाने में तहरीर सौंपी। इधर एसडीओ ने भी किसान पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए आईटीआई थाने में तहरीर सौंप दी। बाद में दोनों पक्षों का समझौता हो गया।
