बाराबंकी: सड़क पार कर रहे युवक को तेज रफ्तार डीसीएम ने कुचला, मौत
बड्डूपुर (बाराबंकी)। कुर्सी थाना क्षेत्र में गुरुवार को पैदल सड़क पार कर रहे युवक को तेज रफ्तार डीसीएम ने कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। परिजनों ने शव को सड़क पर रख कर मुआवजे की मांग को …
बड्डूपुर (बाराबंकी)। कुर्सी थाना क्षेत्र में गुरुवार को पैदल सड़क पार कर रहे युवक को तेज रफ्तार डीसीएम ने कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। परिजनों ने शव को सड़क पर रख कर मुआवजे की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी ने परिजनों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
थाना कुर्सी क्षेत्र के बीबीपुर के रहने वाले रामपाल रावत 40 वर्ष एक धान मिल में नौकरी करते थे। ट्रैक्टर से संचालित इस धान मशीन के साथ वह गुरुवार को करीब 9:00 बजे अनवारी गांव में जा रहे थे। उमरा गांव के निकट ट्रैक्टर चालक ने लघुशंका के लिए वाहन को सड़क के किनारे खड़ा कर दिया। इस बीच उस पर बैठे रामपाल पान मसाला खाने के लिए उतरकर सामने स्थित पान की दुकान पर चला गया।
पान मसाला खरीदने के बाद वह सड़क पार कर वाहन पर बैठने के लिए आ रहा था। इसी बीच तेज रफ्तार डीसीएम ने युवक को पीछे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक डीसीएम की पहिए के नीचे आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव को सड़क पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। घंटों चले प्रदर्शन के बाद जानकारी पर पहुंचे थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह ने परिजनों को समझा बुझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह ने धरना प्रदर्शन की बात से इंकार किया। उन्होंने बताया कि परिजन रिश्तेदारों के आने की बात कह कर शव को उठाने नहीं दे रहे थे। जिन्हें समझा बुझाकर शांत कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
