हल्द्वानी: लाखों रुपयों की रिकवरी हजम कर गया दारोगा
हल्द्वानी, अमृत विचार। कालाढूंगी थाना क्षेत्र के एक दारोगा के साइबर ठगी मामलों में लाखों की रकम की रिकवरी हजम करने का मामला उजागर हुआ है। इस संबंध में एक ऑडियो वायरल होने के बाद डीजीपी ने आरोपी दारोगा को निलंबित करने के आदेश दे दिए। सूत्रों के अनुसार कोटाबाग चौकी में तैनात एक दारोगा …
हल्द्वानी, अमृत विचार। कालाढूंगी थाना क्षेत्र के एक दारोगा के साइबर ठगी मामलों में लाखों की रकम की रिकवरी हजम करने का मामला उजागर हुआ है। इस संबंध में एक ऑडियो वायरल होने के बाद डीजीपी ने आरोपी दारोगा को निलंबित करने के आदेश दे दिए।
सूत्रों के अनुसार कोटाबाग चौकी में तैनात एक दारोगा ने साइबर ठग गिरोह के खुलासे के दौरान लाखों रुपये की रिकवरी की, लेकिन दिखाई कम। दारोगा यह रकम खुद हजम कर गया। इस बीच किसी ने बातचीत की ऑडियो वायरल कर दी। वायरल वीडियो डीजीपी तक पहुंची तो उन्होंने संज्ञान लेते हुए आरोपी दारोगा को निलंबित करने के आदेश दिए।
बता दें कि 18 मार्च को पुलिस ने कोटाबाग के एक पीड़ित की एफआईआर पर जांच करते हुए तीन साइबर ठगों को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया था। सूत्रों के अनुसार इस जांच से जुड़े दारोगा ने लाखों की रिकवरी की, लेकिन कम दिखाई। रिकवरी की रकम के बंटवारे को लेकर दारोगा का कुछ पुलिस कर्मियों से विवाद भी हुआ। माना जा रहा है कि बंटवारा विवाद के बीच किसी ने दारोगा की ऑडियो रिकार्ड कर ली और डीजीपी तक पहुंचा दी। सूत्रों का यह भी कहना है कि डीजीजी के निलंबन के आदेश के बाद आरोपी दारोगा नैनीताल एसएसपी के समक्ष पेश भी हुआ।
हालांकि इस सनसनीखेज मामले में पुलिस के उच्चाधिकारी मुंह खोलने से बचने की कोशिश करते रहे। इस मामले में बयान लेने के लिए डीजीपी को फोन किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी ने कॉल करने पर फोन डायवर्ट कर दिया। एसपी सिटी डॉ जगदीश चंद्र का कहना है कि इस संबंध में उन्हें जानकारी नहीं है। यह प्रकरण को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर चर्चा चलती रही।
गौरव
