हल्द्वानी: शहर में स्मैक की सप्लाई करने आए रामपुर के दो सगे भाई गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। कोतवाली से महज 500 मीटर दूर डीके पार्क में लोकल सप्लायर को डिलीवरी देने आए रामपुर के दो स्मैक सौदागरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से 73 ग्राम से अधिक स्मैक बरामद हुई। बरामद स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 15 लाख आंकी गई है। इस नेटवर्क में …

हल्द्वानी, अमृत विचार। कोतवाली से महज 500 मीटर दूर डीके पार्क में लोकल सप्लायर को डिलीवरी देने आए रामपुर के दो स्मैक सौदागरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से 73 ग्राम से अधिक स्मैक बरामद हुई। बरामद स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 15 लाख आंकी गई है। इस नेटवर्क में लोकल सप्लायर के साथ ही बिलासपुर के एक सौदागर का नाम भी सामने आया है। पुलिस लोकल सप्लायर के साथ ही सौदागर पर कानूनी शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है।

शुक्रवार को एसपी सिटी जगदीश चंद्र ने स्मैक के बड़े सौदागरों की धरपकड़ का खुलासा किया। बताया कि गुरुवार रात कोतवाल मनोज रतूड़ी मंगल पड़ाव चौकी पुलिस के साथ गश्त पर थे। इस बीच मुखबिर ने डीके पार्क के पास बड़ी मात्रा में स्मैक डिलीवरी होने की जानकारी दी। इस पर पुलिस फोर्स ने मौके पर छापा मारा और उत्तर प्रदेश के रामपुर नंबर की एक बाइक के पास मौजूद संदिग्धों को पकड़ लिया। संदिग्धों की तलाशी में 73.15 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने सघन पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपियों से स्मैक के नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारियां हासिल की।

इससे पहले पकड़े गए तस्करों की फौरी पहचान तौफीक अली और मुफीद निवासी थाना भोट जिला रामपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। आरोपियों के कब्जे से मिली बाइक के साथ ही मोबाइल जब्त कर लिए गए। एनडीपीएस एक्ट में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपियों को नैनीताल कोर्ट पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।

ऑपरेशन वज्रपात में ये रहे शामिल-कोतवाल मनोज रतूड़ी, मंगल पड़ाव चौकी प्रभारी देवेंद्र बिष्ट, सिपाही कुंदन सिंह, विरेंद्र चौहान, इसरार, उमेश पंत, हितेंद्र वर्मा, भूपाल सिंह, गंगा प्रसाद।

बिलासपुर के परवेज से जुड़े इन सौदागरों के तार
एसपी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में बिलासपुर के परवेज का नाम सामने आया है। इस केस में परवेज को भी वांछित किया है। इसके साथ ही डिलीवरी मंगाने वाले का भी सुराग लगाया जा रहा है। इस कड़ी में पकड़े गए आरोपियों की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है।

शहर में रह कर चुके नीट की तैयारी
पकड़े गए सगे भाई शिक्षित हैं। वह हल्द्वानी में किराये का कमरा लेकर नीट की तैयारी भी कर चुके हैं। बाद में दोनों कम समय में अधिक पैसा कमाने के लालच में स्मैक तस्करी करने लगे।

संबंधित समाचार