काशीपुर: बिजली चोरी पकड़ने गई टीम पर हमला
काशीपुर, अमृत विचार। बिजली चोरी पकड़ने गई ऊर्जा निगम की टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। जेई और लाइनमैन की बाइक को पकड़ कर खेत में गिरा दी और दोनों को डंडों व लात-घूसों से मारा पीटा। जेई की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित …
काशीपुर, अमृत विचार। बिजली चोरी पकड़ने गई ऊर्जा निगम की टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। जेई और लाइनमैन की बाइक को पकड़ कर खेत में गिरा दी और दोनों को डंडों व लात-घूसों से मारा पीटा। जेई की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कुंडेश्वरी क्षेत्र के जेई सुबोध कुमार नेगी पुत्र जयपाल सिंह नेगी ने कुंडेश्वरी पुलिस चौकी में तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार शाम को लगभग 6 बजे वह टीम के साथ ग्राम बाजावाला में निर्मित लाइन का निरीक्षण करने गए थे। इस दौरान गांव के ही सुखवंत सिंह खेत में स्थापित उपकेंद्र ट्रांसफार्मर की एलटी लाइन में केबिल डालकर मोटर से बिजली चोरी करते मिले।
मोटर स्वामी सुखवंत सिंह ने बिजली चोरी करना स्वीकार किया। टीम ने केबिल काट कर अपने कब्जे में ले ली। इसी दौरान मोटर स्वामी का पुत्र गुरविंदर सिंह कहीं से आ गया और जेई सुबोध कुमार नेगी की बाइक में लात मारते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान उसके पिता ने डांट कर आरोपियों को वहां से हटा दिया। टीम मौके से कुंडेश्वरी की तरफ चल दी। कुछ देर बाद सुखवंत सिंह का बेटा गुरविंदर सिंह और गांव का ही निवासी हरपाल सिंह बाइक पर उनका पीछा करते हुए आए और जेई की बाइक पर पीछे बैठे लाइनमैन सत्य प्रकाश को जान से मारने की नियत से पकड़ लिया। खींचतान में बाइक सड़क से नीचे गिर गई।
इससे पहले जेई और लाइनमैन उठ पाते दोनों युवकों ने जान से मारने की नियत से उन्हें डंडे व लात- घूसों से मारना पीटना शुरू कर दिया। दूसरी बाइक पर आए लाइनकर्मी जोगा सिंह ने शोर मचाकर आसपास खेतों में काम करने वाले लोगों को बुलाया। जिससे जेई और लाइनमैन की जान बची। आरोपियों ने दोबारा गांव में नजर आने पर जान से मारने की धमकी दी है। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर घटना की रिपोर्ट दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा के 323, 504, 506, 332, 353, 427 आईपीसी के तहत दर्ज कर ली है।
तीन लोगों के खिलाफ विद्युत चोरी का मुकदमा दर्ज
काशीपुर। ऊर्जा निगम की टीम ने कुंडेश्वरी में छापेमारी कर बिजली चोरी करते तीन व्यक्तियों को रंगेहाथ पकड़ा है। निगम के उपखंड अधिकारी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने सभी व्यक्तियों के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। ऊर्जा निगम के उपखण्ड अधिकारी शैलेन्द्र कुमार सैनी की तहरीर पर पुलिस ने कुंडेश्वरी क्षेत्र के गांव जगतपुर निवासी चरण सिंह, गुरदीप सिंह और सुखविंदर के खिलाफ विद्युत चोरी का मुकदमा दर्ज किया है। सभी आरोपी विद्युत पोल से कटिया डालकर बिजली चोरी कर रहे थे।
