हल्द्वानी: पुलिस को दोपहर 12 बजे आया लॉकडाउन के अनुपालन का होश
गौरव पांडेय, हल्द्वानी। शहर में पुलिस को दोपहर 12 बजे बाद कोविड कर्फ्यू के प्रभावी अनुपालन का होश आया। अधिकांश सार्वजनिक स्थानों से पुलिस नदारद रही। कई स्थानों पर पुलिस कर्मी तमाशबीन बने रहे। तमाम जगह कर्फ्यू के नियम टूटे। दोहपर तक सड़कों पर वाहन बेरोकटोक चलते रहे। कुछ स्थानों पर दुकानें भी खुलीं। नैनीताल …
गौरव पांडेय, हल्द्वानी। शहर में पुलिस को दोपहर 12 बजे बाद कोविड कर्फ्यू के प्रभावी अनुपालन का होश आया। अधिकांश सार्वजनिक स्थानों से पुलिस नदारद रही। कई स्थानों पर पुलिस कर्मी तमाशबीन बने रहे। तमाम जगह कर्फ्यू के नियम टूटे। दोहपर तक सड़कों पर वाहन बेरोकटोक चलते रहे। कुछ स्थानों पर दुकानें भी खुलीं। नैनीताल एसएसपी ने खुद हल्द्वानी की सड़कों पर मोर्चा संभाला तो पुलिस एक्शन मोड में आई। इसके बाद कर्फ्यू तोड़ने वालों पर कार्रवाई हुई।
रविवार से प्रभावी हुए कोविड कर्फ्यू को लेकर सुबह पुलिस ढीली नजर आई। कर्फ्यू के निर्धारित समय के बाद भी पूर्वान्ह 11 बजे तक मंगल पड़ाव, पटेल चौक, केएमओयू, रोडवेज के आसपास दुकानें खुली रहीं। मंगल पड़ाव सब्जी मंडी में सुबह 10 बजे तक भीड़ जुटी रही। इसके अलावा शहर भर में भी इक्का-दुक्का स्थानों पर भी दुकानें बेरोकटोक चलती रहीं।
इसमें मुख्य मार्गों के साथ ही शहर के आंतरिक मार्गो की दुकानें भी शामिल थीं। दोहपर 12 बजे तक सार्वजनिक स्थलों और सड़कों पर इक्का-दुक्का पुलिस कर्मी ही नजर आए। सड़कों पर तैनात ये पुलिस कर्मी अपने वाहनों पर बैठे, सुस्ताते, गपशप करते और मोबाइल पर व्यस्त दिखे। दूसरी ओर शहर के सभी राजमार्ग और आंतरिक मार्गों पर बाइक, कार, ऑटो रिक्शा, उपखनिज ढोती घोड़ा बग्घी बेरोकटोक चलती रही। बेरोकटोक चलने वाले तमाम वाहन उत्तराखंड के साथ ही दूसरे राज्यों में पंजीकृत थे। शहर भर में बैरीकेडिंग का अतापता नहीं था। 12 बजे के बाद एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी ने सड़क पर उतर कर खुद मोर्चा संभाला तो हालात बदले।
इसके बाद पुलिस फोर्स एक्शन मोड में आई। एसएसपी ने खुद तिकोनिया चौराहे पर खड़ा होकर कर्फ्यू के अनुपालन की निगरानी की। तिकोनिया चौराहे पर बैरीकेडिंग के साथ आवागमन करते वाहन चालकों और राहगीरों से रोकटोक शुरू हुई। इसके बाद पुलिस ने अनावश्यक आवाजाही कर रहे वाहन चालकों के चालान काटे। आवाजाही कर रहे तमाम वाहनों और उपखनिज ढो रही घोड़ा बग्घी को वापस लौटा दिया। अनावश्यक आवाजाही कर रहे राहगीरों को भी हिदायत देते हुए घर लौटा दिया। तिकोनिया चौराहे पर एसपी सिटी डॉ जगदीश चंद्र, प्रभारी नगर मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह, सीओ सिटी बीएस धौनी, कोतवाल मनोज रतूड़ी, यातायात निरीक्षक राकेश माहरा, एसएसआई कैलाश सिंह नेगी पुलिस फोर्स समेत मौजूद रहे।
दूसरी ओर बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में एसओ युनूस खान के नेतृत्व में कोविड कर्फ्यू वाहन तैनात रहा। मुखानी थाने के एसओ सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस फोर्स कालाढूंगी रोड पर मुस्तैद रही। काठगोदाम थाना पुलिस भी नरीमन चौराहा और गौलापार बाइपास रोड पर तैनात रही। पुलिस अफसरों ने बताया कि कुंभ ड्यूटी पर गए पुलिस कर्मियों के चलते स्टाफ की बेहद कमी महसूस की गई। इसके चलते भी सड़कों पर पर्याप्त पुलिस बल नजर नहीं आया। कमी पूरी करने के लिए पुलिस कार्यालयों के साथ ही विभिन्न सेल के पुलिस कर्मियों को भी फील्ड में उतारा गया था। इधर, एसएसपी ने कर्फ्यू अनुपालन और कार्रवाई के संबंध में अधीनस्थों से शाम पांच बजे तक पूरी रिपोर्ट तलब की।
