बरेली: संदिग्ध हालात में मिले दो भाइयों के शव, हत्या का आरोप
बरेली, अमृत विचार। विशारतगंज थाना क्षेत्र में संदिग्ध हालात में दो भाईयों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने एक भाई की प्रेमिका के पति पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं शुरूआती जांच के बाद पुलिस दोनों की मौत अज्ञात वाहन की टक्कर से होना मान रही है। दोनों भाई की मौत …
बरेली, अमृत विचार। विशारतगंज थाना क्षेत्र में संदिग्ध हालात में दो भाईयों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने एक भाई की प्रेमिका के पति पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं शुरूआती जांच के बाद पुलिस दोनों की मौत अज्ञात वाहन की टक्कर से होना मान रही है। दोनों भाई की मौत के बाद उनके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के विरिया बेहटी गांव निवासी पिंकू राजपूत (21) पुत्र शंकरलाल और बीए अंतिम वर्ष का छात्र विपिन कुमार (21)
पुत्र राम बहादुर घर से करगैना जाने की बात कहकर निकले थे। उसके बाद जब रात नौ बजे तक दोनों घर नहीं लौटे तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। लेकिन उनका कुछ पता नहीं लगा। शंकरलाल ने बताया कि उनके बेटे का मुसरकपुर गांव की रहने वाली एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच फोन पर कई घंटे बात भी होती थी। रविवार की रात को भी बेटा अपने भाई के साथ महिला से मिलने के लिए उसके घर गया था।
महिला ने रात में फोन करके पूछा था कि दोनों लोग उसके घर से रात 8 बजे के बाद निकल गए हैं। अभी तक घर पहुंचे या नहीं। उसके बाद परिवार के लोग दोनों को तलाशने के लिए निकले। इसी बीच परिवार के लोगों को गांव अखा और जैनपुर कदराबाद के बीच दोनों मृत हालात में पड़े मिले। उनकी क्षतिग्रस्त बाइक काफी दूरी पर पड़ी थी। जबकि दोनों के शरीर पर चोट के निशान थे। परिजनों ने महिला प्रेमी और गांव के ही प्रधान पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। हालंकि शुरूआती जांच के बाद पुलिस दोनों भाईयों की मौत हादसा मान रही है।
पंचायत चुनाव में घर आया था पिंकू
परिवार के लोगों ने बताया कि पिंकू दिल्ली में रहकर सिलाई का काम करता था। पंचायत चुनाव में मतदान के लिए वह गांव आया था। मुसरकपुर की महिला से फोन पर उसकी बात होती थी। महिला के कहने पर ही वह उससे मिलने के लिए उसके घर गया था। महिला का पति को जब दोनों के बात करने की जानकारी हुई तो वह पिंकू से रंजिश मानने लगा। पिंकू की मौत के बाद उसके परिवार के लोग गमजदा हैं।
“घटना रविवार की रात की है। दो बाइक सवार युवकों को अज्ञात वाहन टक्कर मार कर मौके से फरार हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर दोनों गंभीर रूप से घायल युवकों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया। उपचार के दौरान दोनों युवकों की मौत हो गई।” -बृजकिशोर मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक, विशारतगंज
