सितारगंज: 98 वर्षीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का निधन, राजकीय सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई
सितारगंज, अमृत विचार। भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान सात महीने जेल में रहने वाले और दो बार राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गुरदयाल सिंह (98) का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ उनके गांव सिसैया में किया गया। गुरुवार शाम अपने निवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके अंतिम संस्कार में पहुंचे प्रशासनिक …
सितारगंज, अमृत विचार। भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान सात महीने जेल में रहने वाले और दो बार राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गुरदयाल सिंह (98) का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ उनके गांव सिसैया में किया गया। गुरुवार शाम अपने निवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके अंतिम संस्कार में पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों और राजनेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी ।
शुक्रवार को गुरदयाल सिंह का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ गांव के श्मशान घाट में किया गया। गुरुवार को स्वास्थ्य कारणों के चलते उनका निधन हो गया था। स्वतंत्रता संग्राम सेना गुरदयाल सिंह का जन्म पाकिस्तान के गांव चुड़काना सच्चा सौदा जिला शेखुपुरा पंजाब प्रांत में 10 अक्टूबर 1924 को हुआ था। वह 10 साल की उम्र में आजादी की लड़ाई में शामिल हुए थे।
सन 1941- 42 में भारत छोड़ो आंदोलन में भागीदारी की, 1 नवंबर 1941 को अंग्रेजों ने उन्हें पंडित जवाहरलाल नेहरू के करीबी नेता तेजा सिंह समेत अन्य 12 साथियों के साथ पाकिस्तान की लैलपुर जेल में बंद कर दिया था। जनवरी 1942 को अंग्रेजों ने फिर गुरदयाल सिंह को लाहौर जेल में डाल दिया था, जहां 7 महीने जेल में बिताए।
वर्ष 1947 में जब देश आजाद हुआ तो वह पाकिस्तान के चुड़काना से पंजाब प्रांत के पटियाला सरहंद में आकर बस गए थे । वहां से वह 1956 में सितारगंज के सिसैया गांव आकर बस गए, तब से उनका परिवार यहीं रहता है। गुरदयाल सिंह को 2010 में राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल व दूसरी बार 2012 में राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने राम्मानित किया था। दिवंगत गुरदयाल सिंह की पत्नी महेंद्र कौर का 12 साल पहले ही निधन हो गया था। उनके चार बेटे और 6 बेटियां हैं।
अंतिम संस्कार में पहुंची एसडीएम मुक्त मिश्र, तहसीलदार परमेश्वरी लाल, सीओ भूपेंद्र सिंह भंडारी, कोतवाल सलाउद्दीन खान ,सहित गन्ना समिति अध्यक्ष चौधरी वीरेंद्र सिंह, पूर्व गन्ना समिति चेयरमैन उपकार सिंह बल, ब्लॉक प्रमुख पति पलविंदर सिंह, दक्षिण सोसायटी अध्यक्ष लखवीर सिंह सहित परिवार के लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
