हल्द्वानी: सब्जी मंडी में उमड़ी लोगों की भीड़, सामाजिक दूरी नियम की धज्जियां
हल्द्वानी, अमृत विचार। दो दिन बाद खुली सब्जी मंडी में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ाई जाने लगी। सूचना पर एसडीएम मौके पर पहुंचे और लोगों का वहां से हटाया। उन्होंने भीड़ रोकने के लिए ऑड-ईवन की तर्ज पर फार्मूला लागू करने की भी बात कही है। कोविड-19 संक्रमण की …
हल्द्वानी, अमृत विचार। दो दिन बाद खुली सब्जी मंडी में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ाई जाने लगी। सूचना पर एसडीएम मौके पर पहुंचे और लोगों का वहां से हटाया। उन्होंने भीड़ रोकने के लिए ऑड-ईवन की तर्ज पर फार्मूला लागू करने की भी बात कही है।
कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम के लिए शनिवार-रविवार को नवीन मंडी बंद करने का फैसला किया गया था। इस वजह से दो दिनों तक मंगल पड़ाव सब्जी मंडी नहीं लगी। सोमवार को नवीन मंडी खुली तो मंगल पड़ाव मंडी भी खुल गई। सुबह सात से 12 बजे तक सब्जी मंडी खुलना है। सब्जी मंडी खुलने के बाद सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक लोगों की जबरदस्त भीड़ लग गई। फल-सब्जी के एक-एक ठेले पर सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ाते हुए 20 से 25 लोग सब्जी खरीदने के लिए खड़े हुए थे।
इस बीच किसी ने इसकी सूचना पुलिस-प्रशासन को दी। सूचना पर एसडीएम विवेक राय मौके पर पहुंचे और लोगों को 10 मिनट के भीतर जाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनता से कहा कि वे सब्जी खरीदने आए हैं लेकिन लॉकडाउन नियमों का उल्लंघन करेंगे तो कोविड-19 बीमारी साथ लेकर जाएंगे। जनता से सामाजिक दूरी व मास्क पहनने की अपील की। वहीं फल-सब्जी के ठेले वालों को भी हड़काया और लॉकडाउन नियमों के पालन की हिदायत दी। फिर भी लोग नहीं माने तो एसडीएम ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। तब जाकर लोग माने और भीड़ गायब होना शुरू हुई।
एसडीएम विवेक राय ने बताया कि कोविड-19 महामारी की रोकथाम के लिए लोगों को सामाजिक दूरी, मास्क पहनने व समय-समय पर साबुन से हाथ धोने के नियमों का पालन करना है। लेकिन सब्जी मंडी में इन नियमों का धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। इसकी रोकथाम के लिए ठेला एसोसिएशन से भी वार्ता की जाएगी ताकि ऐसा दोबारा नहीं हो। इसके अलावा ऑड ईवन की तर्ज पर फार्मूले पर भी विचार किया जाएगा।
