हल्द्वानी: एसटीएच से भागा कोरोना पीड़ित, मचा हड़कंप
हल्द्वानी, अमृत विचार। सुशीला तिवारी कोविड अस्पताल में भर्ती सीआरपीएफ का कोरोना पीड़ित हवलदार भाग गया। हवलदार के भागने से अस्पताल से लेकर सीआरपीएफ कैंप तक हड़कंप मच गया। पिछले दिनों काठगोदाम स्थित सीआरपीएफ के ग्रुप केंद्र में तैनात एक हलवदार कोरोना पॉजीटिव पाया गया। लक्षण दिखने पर वह अपने निवास में ही आइसोलेट हो …
हल्द्वानी, अमृत विचार। सुशीला तिवारी कोविड अस्पताल में भर्ती सीआरपीएफ का कोरोना पीड़ित हवलदार भाग गया। हवलदार के भागने से अस्पताल से लेकर सीआरपीएफ कैंप तक हड़कंप मच गया।
पिछले दिनों काठगोदाम स्थित सीआरपीएफ के ग्रुप केंद्र में तैनात एक हलवदार कोरोना पॉजीटिव पाया गया। लक्षण दिखने पर वह अपने निवास में ही आइसोलेट हो गया था। लेकिन जवान के पॉजीटिव होने का पता चलने पर अधिकारियों के निर्देश पर उसे उठाकर सुशीला तिवारी कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। लेकिन कुछ दिन कोविड वार्ड में भर्ती रहने के बाद वह भाग निकला। इसका पता चलने पर अस्पताल और सीआरपीएफ कैंप में हड़कंप मच गया।
अस्पताल से लेकर सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र में काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। इसके बाद सीआरपीएफ के उप कमांडेंड ने हलवदार को भगोड़ा बताते हुए कोतवाली पुलिस को सूचना दी। जांच अधिकारी केएस नगरकोटी ने तलाश शुरू की तो पता चला कि वह हरियाणा स्थित अपने घर पहुंच गया है।
पुलिस के अनुसार हवलदार ने जबरन कोविड वार्ड में भर्ती कराने और मनमानी का आरोप लगाया है। हवलदार के मुताबिक वह नियमानुसार अपने निवास पर आइसोलेट था। इस संबंध में सीआरपीएफ का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन जनसंपर्क अधिकारी का नंबर बंद मिला।
