बरेली: सांसों पर संकट आया तो चोरी होने लगे ऑक्सीजन सिलेंडर
बरेली, अमृत विचार। कोरोना काल में ऑक्सीजन की किल्लत के बीच लोग अब ऑक्सीजन सिलेंडर की चोरी भी करने लगे हैं। जिला अस्पताल के मेल सर्जिकल वार्ड का ऑक्सीजन सिलेंडर चोरी हो गया। इससे अधिकारियों के होश फाख्ता हो गए। सीएमएस को जब मामले की जानकारी हुई तो फौरन हरकत में आए। सीएमएस ने स्टाफ …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना काल में ऑक्सीजन की किल्लत के बीच लोग अब ऑक्सीजन सिलेंडर की चोरी भी करने लगे हैं। जिला अस्पताल के मेल सर्जिकल वार्ड का ऑक्सीजन सिलेंडर चोरी हो गया। इससे अधिकारियों के होश फाख्ता हो गए। सीएमएस को जब मामले की जानकारी हुई तो फौरन हरकत में आए। सीएमएस ने स्टाफ से पूछताछ करने के बाद कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी है। पुलिस अब मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
कोरोना की दूसरी लहर के बीच पूरे देश में ऑक्सीजन को लेकर मारामारी मची हुई है। जिले में भी ऑक्सीजन के अभाव में लोगों की जान जा रही है। पूरा दिन लाइन में लगने के बाद भी लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर नसीब नहीं हो रहा। जिला अस्पताल में सड़क पार बने मेल सर्जिकल वार्ड में रविवार रात अलमारी में रखा ऑक्सीजन सिलेंडर प्लाई तोड़कर चोरी कर लिया गया। सुबह स्टाफ ने जब सिलेंडर गायब देखा तो वह हैरान रह गये। मामले की जानकारी होने पर सीएमएस ने स्टाफ से लिखित में स्पष्टीकरण मांगा है।
“सर्जिकल वार्ड से ऑक्सीजन सिलेंडर चोरी होने के बाद स्टाफ से पूछताछ की जा रही है। कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है।” -डॉ. सुबोध शर्मा, सीएमएस, जिला अस्पताल
