बनबसा: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने ली बमनपुरी गांव की सुध
बनबसा, अमृत विचार। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव सिविल जज उदय प्रताप सिंह ने अनुसूचित जनजाति बाहुल्य क्षेत्र बमनपुरी की सुध ली। उन्होंने प्रधान से गांव में कोरोना संक्रमण की स्थिति, टीकाकरण, होम आइसोलेट में रह रहे लोगों और कोरोना पीड़ितों के स्वास्थ्य के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी जुटाई। बता दें कि 11 मई …
बनबसा, अमृत विचार। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव सिविल जज उदय प्रताप सिंह ने अनुसूचित जनजाति बाहुल्य क्षेत्र बमनपुरी की सुध ली। उन्होंने प्रधान से गांव में कोरोना संक्रमण की स्थिति, टीकाकरण, होम आइसोलेट में रह रहे लोगों और कोरोना पीड़ितों के स्वास्थ्य के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी जुटाई।
बता दें कि 11 मई 2021 को राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को अपने स्तर से अनुसूचित जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों के कोरोना पीड़ितों, उन्हें मिल रही चिकित्सा सुविधा, विधवा और श्रमिकों को चिन्हित कर उनके लिए चिकित्सा, राशन आदि की व्यवस्था की जानकारी जुटाने को कहा था। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने बृहस्पतिवार को बनबसा के अनुसूचित जनजाति बाहुल्य क्षेत्र बमनपुरी की प्रधान भावना नेगी को फोन कर गांव में कोरोना की स्थिति, इससे बचाव, टीकाकरण आदि के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी ली।
प्रधान ने वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए बताया गया कि बृहस्पतिवार तक बमनपुरी ग्रामसभा में कोविड-19 के कुल आठ मामले आए हैं। इसमें से सात होम आइसोलेशन और एक व्यक्ति खटीमा के निजी अस्पताल में भर्ती है। भर्ती कोविड मरीज मजदूर परिवार से है। सरकारी अस्पताल में जगह नहीं मिलने के कारण ग्रामीणों की मदद से उसका निजी अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। इसके अलावा होम आइसोलेशन में रह रहे सभी व्यक्तियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं है। 250 लोगों को अब तक वैक्सीन लग चुकी है। वैक्सीन लगाने का काम भी चरणबद्ध तरीके से हो रहा है।
