हल्द्वानी: त्रिवेंद्र के कोरोना वाले वायरल बयान पर कांग्रेस ने कहा-बंदर केवल पेड़ पर ही चढ़ सकता है

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड के पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत का एक बयान सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है, इसमें उन्होंने कोरोना वायरस को एक प्राणी बताया और कहा कि उसे भी जीने का अधिकार है, वो भी जीना चाहता है। त्रिवेंद्र सिंह रावत के इस बयान पर विपक्षी पार्टियां अपने-अपने तरीके से …

हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड के पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत का एक बयान सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है, इसमें उन्होंने कोरोना वायरस को एक प्राणी बताया और कहा कि उसे भी जीने का अधिकार है, वो भी जीना चाहता है। त्रिवेंद्र सिंह रावत के इस बयान पर विपक्षी पार्टियां अपने-अपने तरीके से तंज कस रही हैं। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता दीपक ब्ल्यूटिया ने भी इस पर कहा है कि बीजेपी के मुख्यमंत्री कोरोना काल में समय-समय पर ऐसे हास्यास्पद बयान देकर जनता का मनोरंजन करते रहते हैं। भाजपा का आभार है जिन्होंने ऐसे मुख्यमंत्री दिए।

बता दें कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में उत्तराखंड के पूर्व सीएम कह रहे हैं कि वो वायरस भी एक प्राणी है। हम भी एक प्राणी हैं। हम अपने आप को ज्यादा बुद्धिमान समझते हैं, वो प्राणी भी जीना चाहता है। उसको भी जीने का अधिकार है। हम उसके पीछे लगे हुए हैं। वो बचने के लिए अपना रूप बदल रहा है, वो बहरूपिया हो गया है।

उनके इस बयान पर कांग्रेस प्रवक्ता दीपक ब्ल्यूटिया ने चुटकी लेते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान मुख्यमंत्री की बंदर से तुलना करते  हुए कहा कि जिस तरह बंदर को पेड़ पर चढ़ने के अलावा कुछ काम नहीं आता, उसी तरीके से हमारे राज्य के मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री को कोई काम नहीं आता, इसलिए वह समय-समय पर इस तरह के बेतुके बयान देते रहते हैं। कहा कि इस कोरोना काल में लोग तनाव से गुजर रहे हैं, ऐसे में बीजेपी के नेताओं की ओर से ऐसे बयान आने पर लोगों को हंसने का मौका मिल जाता है। इसके लिए  भाजपा का दिल से आभार व्यक्त किया जाना चाहिए, जिन्होंने ऐसे मुख्यमंत्री दिए।

बता दें कि इससे पहले भी पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत और वर्तमान सीएम तीरथ सिंह रावत के कई बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए थे, जिनकी काफी आलोचना हुई थी।

 

संबंधित समाचार