हल्द्वानी: भावी वधू के साथ वर भी निकला नाबालिग
हल्द्वानी, अमृत विचार। बाल कल्याण समिति और बाल आश्रय गृह के हस्तक्षेप से एक बाल विवाह को रोक दिया गया। इससे पहले हस्तक्षेप से नाराज लोगों को समझाने-बुझाने में सामाजिक कार्यकर्ताओं को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कोतवाली क्षेत्र के एक मजदूर दंपत्ति ने सिर्फ 15 साल की उम्र में ही बेटी का रिश्ता रामपुर जिले …
हल्द्वानी, अमृत विचार। बाल कल्याण समिति और बाल आश्रय गृह के हस्तक्षेप से एक बाल विवाह को रोक दिया गया। इससे पहले हस्तक्षेप से नाराज लोगों को समझाने-बुझाने में सामाजिक कार्यकर्ताओं को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
कोतवाली क्षेत्र के एक मजदूर दंपत्ति ने सिर्फ 15 साल की उम्र में ही बेटी का रिश्ता रामपुर जिले में एक परिवार के बेटे से तय कर दिया था। भावी वर भी नाबालिग है। सोमवार को घरातियों के यहां मेहमान जुटे हुए थे। रामपुर से आने वाली बरात का इंतजार किया जा रहा था। इस बीच बाल कल्याण समिति सदस्य शेखर संगीता राव व बाल आश्रय गृह के समन्वयक रविंद्र रौतेला को बाल विवाह की जानकारी मिली। वह मौके पर पहुंचे और बाल विवाह को अवैध बताते हुए विरोध किया।
इस पर भावी वधू के परिजनों ने प्रतिरोध करना शुरू कर दिया। लेकिन सामाजिक कार्यकर्ताओं की सख्ती के आगे उनकी एक नहीं चली। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मौके पर मौजूद लोगों को कानून का पाठ पढ़ाया और जेल जाने की चेतावनी भी दी। इसके बाद परिजन माने। उधर आने वाली बरात को भी रोक दिया गया। दूसरी ओर पुलिस को इस पूरे मामले की जानकारी नहीं थी।
