बनबसा: बंद सीएसडी कैंटीन से निकली शराब, पर्ची वायरल होने से हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बनबसा, अमृत विचार। कोविड कर्फ्यू की वजह से बंद पड़ी सीएसडी कैंटीन से शराब निकलने की पर्ची सोशल मीडिया में वायरल होने से हड़कंप मचा हुआ है। इस मामले में पूर्व सैनिकों ने जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बनबसा स्टेशन हेड क्वार्टर स्थित सीएसडी कैंटीन से बनबसा, टनकपुर, चंपावत, सितारगंज, …

बनबसा, अमृत विचार। कोविड कर्फ्यू की वजह से बंद पड़ी सीएसडी कैंटीन से शराब निकलने की पर्ची सोशल मीडिया में वायरल होने से हड़कंप मचा हुआ है। इस मामले में पूर्व सैनिकों ने जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बनबसा स्टेशन हेड क्वार्टर स्थित सीएसडी कैंटीन से बनबसा, टनकपुर, चंपावत, सितारगंज, नानकमत्ता, खटीमा, चकरपुर के आठ हजार पूर्व सैनिकों के कार्ड बने हैं, जिनसे वह कैंटीन से खाद्य सामग्री, शराब आदि सुविधा का लाभ लेते हैं।
अप्रैल माह में कोविड कर्फ्यू शुरू होते ही कैंटीन को भी बंद कर दिया गया था, जिसे एक माह से अधिक का समय हो चुका है, लेकिन सोमवार को सोशल मीडिया में वायरल एक पर्ची ने पूर्व सैनिकों में खलबली मचा दी है। इस पर्ची में 21 मई 2021 को सीएसडी कैंटीन से शराब निकलना दर्शाया गया है।
पूर्व सैनिकों का आरोप है कि जब कैंटीन बंद थी तो शराब बाहर कैसे निकली, इसकी जांच होनी चाहिए।
उधर, कैंटीन मैनेजर एवं पूर्व सैनिक नारायण दत्त पांडे ने बताया कि 21 मई को सफाई करने के लिए कैंटीन खोली गई थी, जिसमें कुछ कार्यरत कर्मचारियों को बुलाया था। मामले की जांच की जा रही है कि पूर्व सैनिक को शराब कैसे दी गई।
जब कैंटीन बंद थी, तो शराब बाहर कैसे निकली, इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
– कै.भानी चंद, पूर्व सैनिक एवं अध्यक्ष, गौरव सैनानी कल्याण समिति टनकपुर-बनबसा। 
इस मामले की जानकारी मुझे 24 मई को हुई थी, तब मैने कैंटीन मैनेजर से बात भी की थी। शराब निकलने वाली पर्ची जिस पूर्व सैनिक के नाम की है, उसके रिश्तेदार कैंटीन में कार्यरत हैं, लेकिन उस रिश्तेदार को कैंटीन से शराब लेने की अनुमति नहीं है और जब कैंटीन बंद है तो शराब बाहर कैसे निकली, इसकी जांच होनी चाहिए। -केएस खनका, अध्यक्ष, भूतपूर्व सैनिक संगठन खटीमा।

संबंधित समाचार