हल्द्वानी: होटल में कमरा न देने पर लहराये हथियार, पुलिस के आने से पहले हुए फरार
हल्द्वानी, अमृत विचार। नैनीताल रोड स्थित एक होटल में कमरा न देने पर दो युवकों ने सरेराह हथियार लहरा दिए। आरोपी होटल कर्मियों को देख लेने की धमकी देने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने युवकों को किसी तरह काबू किया। होटल कर्मी की सूचना पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवकों के साथी उन्हें …
हल्द्वानी, अमृत विचार। नैनीताल रोड स्थित एक होटल में कमरा न देने पर दो युवकों ने सरेराह हथियार लहरा दिए। आरोपी होटल कर्मियों को देख लेने की धमकी देने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने युवकों को किसी तरह काबू किया। होटल कर्मी की सूचना पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवकों के साथी उन्हें लेकर फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
नैनीताल रोड स्थित होटल में मंगलवार देर शाम कार सवार दो युवक पहुंचे। दोनों शराब के नशे में थे। जबकि एक नशे में धुत्त था। युवकों ने होटल के रिसेप्शन पर पहुंचकर कमरा मांगा। पहचान पत्र मांगने पर दूसरा युवक अपना आधार देने लगा। होटल कर्मियों ने ठहरने वाले का पहचान पत्र देने को कहा। इस पर पहला युवक बिफर गया। वह अपनी आईडी देने का विरोध करने लगा। होटल कर्मियों ने युवकों को नियम-कायदे बताए तो वे आपा खो बैठे और देख लेने की धमकी देने लगे। युवकों की हरकतों को देखकर होटल कर्मियों ने कमरा देने से मना कर दिया।
तैश में आए युवक बाहर गए और कार में रखी रायफल और रिवाल्वर उठा ली। युवक होटल के बाहर हथियार लहराकर होटल कर्मियों से गाली-गलौच करने लगे। युवकों के हाथ में हथियार देखकर होटल कर्मियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए होटल का मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया। दूसरी ओर नशे में धुत्त और सरेराह हथियार लहराते युवकों को देखकर आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।
इधर, होटल कर्मियों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। चौकी प्रभारी और पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचते, इससे पहले ही युवकों के कुछ साथी मौके पर पहुंचे और दोनों को बमुश्किल काबू कर अपने साथ ले गए। चौकी प्रभारी पीएस नगरकोटी ने बताया कि हथियार लहराने वाले युवकों की तलाश की जा रही है।
