बागेश्वर: हर घर जल योजना में भी नहीं मिला पेयजल, ग्रामीण परेशान
बागेश्वर, अमृत विचार। पुलिस लाइन के समीप बनी पेयजल योजना का लाभ जिलाधिकारी कार्यालय के नजदीकी गांव महनरबूंगा को न मिलने से ग्रामीण आक्रोषित हो गए हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर उन्हें योजना से पेयजल संयोजन उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर उन्हें समस्याओं से …
बागेश्वर, अमृत विचार। पुलिस लाइन के समीप बनी पेयजल योजना का लाभ जिलाधिकारी कार्यालय के नजदीकी गांव महनरबूंगा को न मिलने से ग्रामीण आक्रोषित हो गए हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर उन्हें योजना से पेयजल संयोजन उपलब्ध कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर उन्हें समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामीणों का कहना है कि वह पिछले कई वर्षों से गांव को पेयजल योजना से लाभान्वित करने की मांग उठा रहे हैं लेकिन उनकी सुनी नहीं जा रही। जिस पर विधायक चंदन दास ने चुनाव पूर्व किए वायदे के अनुसार गांव में पेयजल योजना के लिए प्रयास किए।
तत्कालीन पेयजल मंत्री प्रकाश पंत ने विधायक के अनुरोध पर पेयजल योजना स्वीकृत करने का वायदा किया परंतु इसके बाद भी कार्य नहीं हुआ। विधायक के प्रयास से यह योजना वर्तमान में मूर्तरूप ले रही है परंतु महनरबूंगा को योजना का लाभ नहीं दिया जा रहा। ग्रामीणों के अनुसार उन्हें अब भी कई किमी दूर से पानी लाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने उक्त योजना से हर घर जल योजना के तहत लाभ दिए जाने की मांग की। इस दौरान अंबेडकर जन जागृति समिति के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार आर्या, प्रताप राम, ललित मोहन भट्ट, रमेश राम, महेश चंद्र, प्रेम राम, पूरन कुमार, लीला देवी, सरस्वती, बसंती, कमला आदि उपस्थित थे।
