हल्द्वानी: कुंभ कोविड टेस्टिंग घोटाले की होगी एसआईटी जांच
हल्द्वानी, अमृत विचार। हरिद्वार कुंभ के दौरान कोविड टेस्टिंग घोटाले की जांच एसआईटी करेगी। सीएम ने इस संबंध में एसआईटी जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। एसएसपी हरिद्वार ने सात सदस्यीय एसआईटी टीम का गठन भी कर दिया है। शुक्रवार को एसएसपी ने एसआईटी टीम गठित करने के आदेश जारी किए। एसआईटी टीम में …
हल्द्वानी, अमृत विचार। हरिद्वार कुंभ के दौरान कोविड टेस्टिंग घोटाले की जांच एसआईटी करेगी। सीएम ने इस संबंध में एसआईटी जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। एसएसपी हरिद्वार ने सात सदस्यीय एसआईटी टीम का गठन भी कर दिया है।
शुक्रवार को एसएसपी ने एसआईटी टीम गठित करने के आदेश जारी किए। एसआईटी टीम में हरिद्वार कोतवाल राजेश शाह को जांच अधिकारी बनाया है। उनके साथ एएचटीयू के निरीक्षक राकेंद्र सिंह कठैत्, सीआईयू प्रभारी रणजीत सिंह तोमर के साथ ही कनखल थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह रावत, हरिद्वार कोतवाली की उपनिरीक्षक लक्ष्मी मनोला और आरक्षी शशिकांत, दीप गौड़ शामिल हैं। एसएसपी ने एसआईटी से जल्द से जल्द ठोस साक्ष्य जुटाने और जांच पूरी के निर्देश दिए हैं। एसआईटी के कामकाज पर एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय और सीओ राकेश रावत नजर रखेंगे।
उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट की ओर से रोजाना 50,000 जांच करने के आदेश के बाद आठ एजेंसियों को कुंभ में टेस्टिंग का काम सौंपा गया था। कुंभ के दौरान कम से कम 1 लाख जांच फर्जी की गईं। कुंभ के दौरान की गई कई सैंपलिंग की जांच में सामने आया है कि एक ही पते से सैकड़ों लोगों की जांच की गई। इसमें कई फोन नंबर और दिए गए पते फर्जी थे।
एक मामले में 50 हजार से अधिक लोगों के रजिस्ट्रेशन के लिए एक ही फोन नंबर का इस्तेमाल किया गया। एक एंटीजन परीक्षण किट से 700 सैंपल्स की टेस्टिंग की गई। टेस्टिंग के पते और नाम काल्पनिक थे। हरिद्वार में एक ही घर से करीब 530 सैंपल लिए गए। घोटाले की प्राथमिक जांच में ऐसी ही कई अनियमितताएं पकड़ में आईं।
