काशीपुर: बाजार से लौट रही मां-बेटी पर हमला, मुकदमा दर्ज
काशीपुर, अमृत विचार। पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने बाजार से लौट रही मां-बेटी पर हमला कर दिया। दोनों को डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया। आरोपी ने किशोरी के साथ छेड़छाड़ भी की। पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास …
काशीपुर, अमृत विचार। पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने बाजार से लौट रही मां-बेटी पर हमला कर दिया। दोनों को डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया। आरोपी ने किशोरी के साथ छेड़छाड़ भी की। पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। कोतवाली क्षेत्र निवासी पीड़ित किशोरी के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बीते दिनों मोहल्ला खालसा निवासी फरदीन ने उनकी नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ की थी। उस दौरान आरोपी के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था। अब केस की सुनवाई कोर्ट में चल रही है। आरोपी व उसके पक्ष के लोग कई बार मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बना चुके हैं, लेकिन पीड़ित किशोरी का परिवार आरोपी को सजा दिलवाना चाहता है।
शुक्रवार दोपहर को लगभग दो बजे किशोरी अपनी मां के साथ बाजार से लौट रही थी। इसी दौरान गौण सभा के पास आरोपी हाथ में डंडा लेकर उनके सामने आ गया। आरोपी ने उनकी नाबालिग बेटी का हाथ पकड़ लिया। मां ने हाथ छुड़ाने का प्रयास किया तो
आरोपी ने मां पर डंडे से हमला कर दिया। सिर पर डंडा लगने से मां गंभीर रूप से घायल हो गई। बेटी ने मां को बचाने का प्रयास किया तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। उसे भी पीट कर घायल कर दिया।
शोर होने पर मौके पर काफी लोग इकट्ठा हो गए। जिसके बाद आरोपी मुकदमा वापस न लेने पर जान से मार डालने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। हालांकि शनिवार दोपहर तक आरोपित का कुछ पता नहीं चल सका है।
