किच्छा: कोविड जांच घोटाले को लेकर आप का मटका फोड़ प्रदर्शन
किच्छा, अमृत विचार। हरिद्वार में कुंभ मेले के दौरान हुए कोरोना जांच घोटाले की सीबीआई जांच कराने की मांग तेज हो गई है। जांच में बड़े दोषियों को बचाने का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाजपा विधायक कार्यालय के सामने मटके फोड़कर जोरदार प्रदर्शन किया। आप कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जांच …
किच्छा, अमृत विचार। हरिद्वार में कुंभ मेले के दौरान हुए कोरोना जांच घोटाले की सीबीआई जांच कराने की मांग तेज हो गई है। जांच में बड़े दोषियों को बचाने का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाजपा विधायक कार्यालय के सामने मटके फोड़कर जोरदार प्रदर्शन किया। आप कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जांच घोटाले में छोटे कर्मचारियों को गिरफ्तार कर घोटाले में लिप्त प्रभावशाली लोगों को बचाने का प्रदेश सरकार काम कर रही है, लेकिन आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड सरकार का पाप का घड़ा भर चुका है जो फूट कर रहेगा।
आम आदमी पार्टी के सेक्टर प्रभारी जनार्दन सिंह के नेतृत्व में तमाम कार्यकर्ता भाजपा विधायक राजेश शुक्ला के आवास विकास स्थित कार्यालय के पास जमा हुए। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस फोर्स ने बैरिकेडिंग लगाकर कार्यकर्ताओं को कार्यालय से कुछ दूर पहले ही रोक दिया। इस बीच आप कार्यकर्ताओं और पुलिस की तीखी नोकझोंक भी हुई, लेकिन पुलिस ने कार्यकर्ताओं को कार्यालय के पास नहीं जाने दिया।
इसके बाद कार्यकर्ताओं ने मौके पर ही खाली मटके फोड़कर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। आप पार्टी के सेक्टर प्रभारी जनार्दन सिंह और युवा नेता कुलवंत सिंह ने कहा कि भाजपा शासन में हरिद्वार में कोरोना में हुए घोटाले के कारण हजारों लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। घोटाले के कारण ही लाखों लोग कोरोना के शिकार हुए, जिसके लिए पूरी तरह से भाजपा सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि बीती 3 जून को किच्छा के अंतर्गत पुलभट्ठा क्षेत्र में उत्तराखंड-यूपी सीमा पर भी कोरोना की जांच करने वाली संस्था द्वारा घोटाला कर जनता के स्वास्थ्य व जीवन से खिलवाड़ किया गया और कुंभ मेले में उपयोग की गई कोरोना जांच किट का सहारा लेकर फर्जी रिपोर्ट जारी करते हुए बड़ा घोटाला किया गया।
प्रदर्शन में दिनेश यादव, जावेद मलिक, सोनू गुप्ता, रोहितास गंगवार, ईशान अल्वी, अखलाक कुरेशी, जीशान अहमद, मोहम्मद नासिर, मनोज शाही, पाक मोहम्मद, वसीम अहमद, पंकज कुमार, निसार अहमद, शिवा आदि मौजूद रहे।
