बदायूं: फांसी लगाकर दो महिलाओं ने की आत्महत्या
बदायूं, अमृत विचार। थाना दातागंज और ककराला क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में महिलाओं ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। ककराला निवासी महिला के मायका पक्ष ने दहेज के लिए हत्या करने और दातागंज निवासी महिला के मायके पक्ष ने मारपीट करके हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने …
बदायूं, अमृत विचार। थाना दातागंज और ककराला क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में महिलाओं ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। ककराला निवासी महिला के मायका पक्ष ने दहेज के लिए हत्या करने और दातागंज निवासी महिला के मायके पक्ष ने मारपीट करके हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
दातागंज में कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में महिला ने सोमवार देर रात संदिग्ध परिस्थिति में फांसी लगा ली। मायका पक्ष ने तहरीर देकर ससुरालियों पर मारपीट करके हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। जिला शाहजहांपुर के थाना तिलहर निवासी नीरज (35) पुत्री धनीराम की शादी थाना दातागंज के गांव पड़ेली निवासी शैलेंद्र पाठक से हुई थी। महिला 28 जून को देर रात फांसी के फंदे पर लटक गई। सुबह 7 बजे ग्रामीणों ने नीरज के भाई अरविंद शर्मा को फोन करके उसकी मौत की जानकारी दी। मायका पक्ष गांव पड़ेली पहुंचा। तहरीर देकर मारपीट करके हत्या का आरोप लगाया।
एसओ बल्देव सिंह ने बताया कि महिला की शादी को 13 वर्ष से ज्यादा हो गए हैं। उनके तीन बच्चे हैं। पूछताछ में पता चला है कि मृत नीरज के जेवरात इलाज के चलते गिरवी रखे गए थे। जिसे छुड़ाने के लिए कहासुनी हो गई। पति गहने नहीं छुड़ा पाया। जिसके चलते महिलए ने रात में आत्महत्या कर ली।
उधर थाना अलापुर क्षेत्र की पुलिस चौकी ककराला के अंतर्गत गांव उपरैला संदिग्ध परिस्थिति में महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। महिला के पिता ने दहेज हत्या की तहरीर दी है। जिला हरदोई निवासी सुरेंद्र कुमार पुत्र रामचंद्र ने अपनी बेटी सोनी (22) की शादी 26 अप्रैल 2018 को थाना अलापुर के गांव उपरैला निवासी अतुल पुत्र धनपाल सिंह की थी।
आरोप है कि शादी के कुछ समय के बाद ही अतुल दहेज में मोटरसाइकिल की मांग करते हुए सोनी से मारपीट करते थे। सोनी के पति अतुल व उसके भाई सनी ने ही दहेज की खातिर सोनी की गला दबाकर हत्या की है। इंस्पेक्टर ओपी गौतम ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
