काशीपुर: बाल विवाह कराने के आरोप में दो महिलाओं समेत तीन गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम किलावली निवासी एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी को उसकी मां, मौसा और मौसी ने मिलकर रेवाड़ी हरियाणा के रहने वाले एक व्यक्ति को बेच दिया। इसके बाद उसका कथित पति मारपीट कर प्रताड़ित करने लगा। उत्पीड़न से परेशान होकर नाबालिग पीड़िता मौका पाकर वहां से निकल कर …

काशीपुर, अमृत विचार। कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम किलावली निवासी एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी को उसकी मां, मौसा और मौसी ने मिलकर रेवाड़ी हरियाणा के रहने वाले एक व्यक्ति को बेच दिया। इसके बाद उसका कथित पति मारपीट कर प्रताड़ित करने लगा। उत्पीड़न से परेशान होकर नाबालिग पीड़िता मौका पाकर वहां से निकल कर अपने गांव किलावली पहुंच गई। इसके बाद उसका कथित पति व मौसी-मौसा पीड़िता को गाड़ी में डालकर जबरदस्ती ले जाने का प्रयास किया। पीड़िता ने 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

एएसपी अक्षय प्रहलाद कोंडे ने मंगलवार को अपने कार्यालय में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि सोमवार की रात करीब साढ़े नौ बजे नाबालिग पीड़िता ने 112 पर काॅल कर पुलिस को सूचना दी कि उसकी उम्र 17 वर्ष है। उसके घर वालों ने उसे हरियाणा के आदमी को बेच दिया है और जबरदस्ती उसे उसके पास भेज रहे हैं। पुलिस ने सूचना को गंभीरता से लेते हुए अपने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।

उच्चाधिकारियों के निर्देश पर गढ़ीनेगी चौकी प्रभारी एसआई महेश चन्द्र को पुलिस टीम के साथ पीड़िता के आवास किलावली भेजा गया। जहां शिकायतकर्ता पीड़िता मौजूद मिली। नाबालिग पीड़िता ने बताया कि उसकी जन्म तिथि 14 मार्च 2004 है। उसके पिता खजान सिंह की मौत हो चुकी है। उसकी मां चरनजीत कौर और मौसा पाल सिंह उर्फ पाला व उसकी मौसी रजनी कौर ने उसे रेवाड़ी बुलाकर 14 जनवरी 2021 को उसकी जबरदस्ती शादी टोनी पुत्र महेन्द्र सिंह निवासी ग्राम दाईका जिला रेवाड़ी हरियाणा के साथ उसके परिजनों की उपस्थिति में कर दी।

पीड़िता ने बताया कि उसके मौसा पाल सिंह पुत्र स्व. नरेंद्र सिंह ग्राम किलावली के ही रहने वाले हैं जो करीब 2 वर्ष पूर्व रेवाड़ी हरियाणा में जाकर जमीन को ठेके पर लेकर खेती करते हैं जिनके द्वारा नाबालिग पीड़िता व उसकी मां चरनजीत कौर को रेवाड़ी बुलाकर टोनी के साथ शादी कर दी। पति टोनी शराब पीकर मारपीट कर प्रताड़ित करने लगा। जिससे परेशान होकर पीड़िता दो जुलाई को करीब अपने ससुराल वालों से छुपकर वहां से भागकर ग्राम किलावली पहुंची।

इसके बाद पीड़िता को वापस जबरदस्ती रेवाड़ी ले जाने के लिए उसका पति टोनी व मौसा पाल सिंह उर्फ पाला, मौसी रजनी कौर को अपने साथ गाड़ी में लेकर ग्राम किलावली पहुंचा और नाबालिग पीड़िता को जबरदस्ती ले जाने का प्रयास करने लगा। इस मामले में एसआई महेश चंद द्वारा कुंडा थाने में बाल विवाह संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कराया गया।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी चरनजीत कौर पत्नी स्व. खजान सिंह, पाल सिंह, रजनी कौर को दबिश देकर बड़ी नहर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में पति टोनी और चार अन्य फरार चल रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस टीम में कुंडा थाना अध्यक्ष अरविंद चौधरी, उप निरीक्षक महेश चंद्र सुप्रिया नेगी, कांस्टेबल अमित कुमार यादव, विनोद मेहता, हेड कांस्टेबल सतीश बाबू, लोकेश देवी, संजय कालाकोटी शामिल रहे।

संबंधित समाचार