नैनीताल में सैर-सपाटा करने वाले बाइकर्स की अब नो एंट्री…
हल्द्वानी, अमृत विचार। अब अगर आप बाइक पर सवार होकर सरोवर नगरी नैनीताल सैर-सपाटे पर निकले हैं तो ये खबर आपके लिए है। क्योंकि अब नैनीताल में बाइकर्स के लिए नो एंट्री का बोर्ड लग चुका है। ऐसा भी नहीं है कि आप नैनीताल रोड पर बाइक लेकर नहीं जा सकते, लेकिन आपको कई किलोमीटर …
हल्द्वानी, अमृत विचार। अब अगर आप बाइक पर सवार होकर सरोवर नगरी नैनीताल सैर-सपाटे पर निकले हैं तो ये खबर आपके लिए है। क्योंकि अब नैनीताल में बाइकर्स के लिए नो एंट्री का बोर्ड लग चुका है। ऐसा भी नहीं है कि आप नैनीताल रोड पर बाइक लेकर नहीं जा सकते, लेकिन आपको कई किलोमीटर पहले ही बाइक खड़ी करनी होगी। इसके इतर चार पहिया वाहनों को नैनीताल तक ले जाने की इजाजत है। आज ट्रैफिक प्लान को लेकर पुलिस ने नया रूट प्लान भी जारी किया है।
एसपी क्राइम देवेंद्र पिंचा ने बताया कि पर्यटन सीजन में लगने वाले जाम से बचने के लिए तमाम फैसले लिए हैं। इनमें से एक फैसला बाइक सवारों के लिए हैं। उन्होंने बताया कि बाइक सवार नैनीताल जा सकते हैं, लेकिन उन्हें बाइक ले जाने की इजाजत नहीं होगी। बाइक को रूसी बाईपास और नारायण नगर में बनाई गई पार्किंग में खड़ी करनी होगी। यहां से बाइक सवारों को पैदल यात्रा नहीं करनी होगी। क्योंकि यहां से बाइक सवारों को शटल सेवा यानी टैक्सी मिल जाएगी।
जिसके जरिये मुसाफिर नैनीताल पहुंच सकते हैं और घूमने के बाद वापस टैक्सी से ही रूसी बाईपास या नारायण नगर में बनी पार्किंग तक पहुंच सकते हैं। जबकि चार पहिया वाहनों की पार्किंग पूर्व की भांति नैनीताल में ही की जाएगी। तो अब अगर आप बाइक से नैनीताल के सफर पर निकल रहे हैं तो जरा सोच समझ कर।
बहरहाल, पुलिस ने पर्यटन स्थलों की ओर जाने वालों की असुविधा से बचने के लिए भी कदम उठाए हैं। पुलिस चाहती है कि अगर किसी को नैनीताल जाना है तो वह सीधा रास्ता अपनाए, न कि भवाली और भीमताल इत्यादि घूमते हुए नैनीताल पहुंचे। पुलिस का मानना है कि इससे भी अनायास जाम लगता है।
नैनीताल में रहने वालों को नहीं होगी परेशानी
एसपी क्राइम देवेंद्र पिंचा ने बताया कि नैनीताल जाने वाले केवल उन बाइक सवारों को रोका जाएगा, जिनका मकसद सिर्फ सैर-सपाटा है। इसके इतर उन लोगों को इससे कोई परेशानी नहीं होगी जो नैनीताल के रहने वाले हैं। नैनीताल के रहने वालों को आने-जाने की पूरी छूट होगी। इसके अलावा सरकारी और गैर सरकारी दफ्तरों में काम करने वालों को भी आवाजाही से नहीं रोका जाएगा। यह नियम सिर्फ और सिर्फ सैर-सपाटा करने वालों पर लागू होगा।
स्टीकर लगाकर जाम कम करेगी पुलिस
एसपी क्राइम देवेंद्र पिंचा ने बताया कि जाम से बचने के लिए स्टीकर्स लगाए जाएंगे। ये संकेतक जिले की सीमा के साथ उन स्थानों पर लगाए जाएंगे, जहां पर्यटकों का गंतव्य है। मसलन, अगर किसी को अगर कोई कालाढूंगी की ओर से आ रहा है और उसे भवाली या अल्मोड़ा जाना है तो उसे लालडांट से मुड़ कर नैनीताल रोड पर पहुंचना होगा। नैनीताल रोड पर ज्योलीकोट से होते हुए मुसाफिर भवाली, अल्मोड़ा जा सकता है। फिलहाल, हर मोड़ और सीमा पर पुलिस के स्टीकर्स मुसाफिरों की मदद करेंगे।
