अल्मोड़ा: महंगाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिया धरना
अल्मोड़ा, अमृत विचार। प्रदेश में बढ़ रही महंगाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर के गांधी पार्क में धरना दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा है कि सरकार लगातार आम आदमी के हितों की अनदेखी कर उनकी कमर तोडऩे का काम कर रही है। जिसे किसी भी कीमत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अल्मोड़ा के …
अल्मोड़ा, अमृत विचार। प्रदेश में बढ़ रही महंगाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर के गांधी पार्क में धरना दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा है कि सरकार लगातार आम आदमी के हितों की अनदेखी कर उनकी कमर तोडऩे का काम कर रही है। जिसे किसी भी कीमत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अल्मोड़ा के पूर्व विधायक मनोज तिवारी के नेतृत्व में आयोजित धरना सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में पेट्रोलियम पदार्थों, रसोई गैस, खाद्यान्न, तेल और दालों की कीमत में पिछले कुछ समय में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। जिस कारण आम आदमी का परिवार का भरण पोषण करना मुश्किल हो गया है। पूर्व विधायक तिवारी ने कहा कि कोरोना काल में लोग पहले से ही अपना रोजगार खो चुके हैं। ऊपर से लगातार बढ़ रही महंगाई के कारण लोगों का जीवन यापन करना मुश्किल हो गया है।
तिवारी ने कहा है कि भाजपा की डबल इंजन सरकार को आम आदमी से कोई लेना देना नहीं रह गया है। वह पूंजीपतियों के हितों को देखकर योजना बना रही है और आम आदमी का प्रदेश में मजाक बन कर रह गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा है कि अगर सरकार ने शीघ्र महंगाई पर नकेल कसने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की तो पार्टी कार्यकर्ता जनता के सहयोग से सड़कों पर उतरने को बाध्य होगी।
धरना सभा में पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी, सिकंदर पंवार, आनंद बगडवाल, अख्तर हुसैन, महेश चंद्र, वैभव पांडे, हर्ष कनवाल, पूरन रौतेला, निर्मल रावत, तारा चंद्र जोशी, दीपांशु पांडे, तारू तिवारी, गीता मेहरा, संगम पांडे, गीता सैनी, लीला जोशी, दीपा साह, ममता तिवारी, परितोष जोशी, अरविंद रौतेला, मनोज कनवाल, पवन मेहरा, जमन सिंह आदि अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
