बरेली: 312 केंद्रों पर होंगी मुख्य परीक्षाएं
बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय की स्नातक द्वितीय व तृतीय और परास्नातक अंतिम वर्ष की मुख्य परीक्षाएं 312 केंद्रों पर होंगी। विश्वविद्यालय ने शुक्रवार को परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी है। 419 महाविद्यालयों की परीक्षा होगी, जिसमें अधिकांश स्वकेंद्र बनाए गए हैं लेकिन 105 महाविद्यालयों के केंद्र दूसरे महाविद्यालय में …
बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय की स्नातक द्वितीय व तृतीय और परास्नातक अंतिम वर्ष की मुख्य परीक्षाएं 312 केंद्रों पर होंगी। विश्वविद्यालय ने शुक्रवार को परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी है।
419 महाविद्यालयों की परीक्षा होगी, जिसमें अधिकांश स्वकेंद्र बनाए गए हैं लेकिन 105 महाविद्यालयों के केंद्र दूसरे महाविद्यालय में बनाए गए हैं। कई महाविद्यालय ऐसे हैं, जिनमें छात्रों की संख्या तीन या चार है। सीबीगंज के एक महाविद्यालय में छात्र की संख्या सिर्फ एक ही है। बरेली में सबसे ज्यादा छह महाविद्यालयों के परीक्षा केंद्र बरेली कॉलेज में बनाए गए हैं।
विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षाएं 15 जुलाई से शुरू हो रही हैं। परीक्षा में एक सप्ताह से कम का समय बचा है। ऐसे में जल्द से जल्द परीक्षा केंद्रों की सूची जारी करने की मांग उठ रही थी। शासन ने इस बार स्वकेंद्र बनाने के ही निर्देश दिए हैं, लेकिन विश्वविद्यालय ने छात्रों की सुविधा और नकल रोकने के प्रयास के चलते कई महाविद्यालयों के केंद्र दूसरे महाविद्यालय में बनाए हैं।
जिन महाविद्यालयों के केंद्र दूसरे महाविद्यालयों में भेजे गए हैं या तो उनमें छात्रों की संख्या कम है या फिर वहां परीक्षा पर नकल रोकने के इंतजाम नहीं हैं। इसके अलावा कभी वहां नकल पकड़ी गई थी। हालांकि इस बात का ध्यान रखा गया है कि छात्रों को अधिक दूर परीक्षा देने न जाना पड़े।
फीगर स्पीक
- 2.84 लाख छात्र देंगे परीक्षाएं
- 417 महाविद्यालयों के छात्रों की होंगी परीक्षाएं
- 43 परीक्षा केंद्र बरेली जिले में बनाए गए हैं
- 66 बरेली जिले के महाविद्यालयों की परीक्षा
- 21 महाविद्यालय बरेली जिले के, जिनमें 100 से कम छात्र
- 6 महाविद्यालयों के परीक्षा केंद्र बरेली कॉलेज में बने
- 28394 छात्र बरेली कॉलेज के ही देंगे परीक्षा
