गुड न्यूज: यूपी में कोरोना के सिर्फ 100 नये मामले, चार जिले संक्रमण मुक्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लिए अच्छी खबर है कि दूसरी लहर के कहर से यह उबर चुका है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना संक्रमण के 100 नये मामलों की पुष्टि हुई है। वहीं संक्रमण को मात देने वालों की संख्या 183 है। अलीगढ़, कासगंज, श्रावस्ती के बाद अब पीलीभीत जिले में भी …

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लिए अच्छी खबर है कि दूसरी लहर के कहर से यह उबर चुका है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना संक्रमण के 100 नये मामलों की पुष्टि हुई है। वहीं संक्रमण को मात देने वालों की संख्या 183 है। अलीगढ़, कासगंज, श्रावस्ती के बाद अब पीलीभीत जिले में भी कोरोना का कोई एक्टिव केस शेष नहीं है।

शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड-19 प्रबंधन के लिये गठित टीम-09 की बैठक के दौरान प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर को काबू पा लेने पर संतोष जाहिर किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्यकर्मियों, फ्रंटलाइन वर्करों, निगरानी समितियों, स्थानीय प्रशासन और जन सहयोग से प्रदेश में कोविड की दूसरी लहर नियंत्रित में है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आरटीपीसीआर और एंटीजन टेस्ट की पॉजिटिविटी न्यूनतम स्तर पर है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 100 नए मरीजों की पुष्टि हुई है, जबकि 183 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए हैं। इस अवधि में किसी भी जिले में दहाई अंक में कोरोना के नए केस नहीं मिले। वर्तमान में 1,608 एक्टिव केस हैं।

उन्होंने इस बात की खुशी जाहिर की कि अलीगढ़, कासगंज, श्रावस्ती के बाद अब पीलीभीत जिले में भी कोरोना का कोई एक्टिव केस शेष नहीं है। सभी संक्रमित मरीज उपचारित होकर स्वस्थ हो चुके हैं। अगले एक सप्ताह तक अगर इन जिले में संक्रमण का कोई नया केस नहीं मिलता है, तो जनपदों को पुरस्कृत किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश में कोरोना की रिकवरी दर और बेहतर होकर 98.6 फीसदी हो गयी है। अब तक 16 लाख 82 हजार 924 प्रदेशवासी कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे 2,76,013 कोविड सैम्पल की जांच की गई। पॉजिटिविटी दर 0.04 फीसद से कम रही। प्रदेश में अब तक 6 करोड़ 03 लाख 77 हजार से अधिक टेस्ट हो चुके हैं। कोरोना संक्रमण की नियंत्रित स्थिति के बाद भी एग्रेसिव टेस्टिंग जारी रखी जाए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 7 लाख 23 हजार 405 प्रदेशवासियों ने टीका-कवर प्राप्त किया। वर्तमान में टीकाकरण की प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है। अब तक 03 करोड़ 68 लाख 24 हजार से अधिक वैक्सीन डोज लगाई जा चुकी है। गांवों में कॉमन सर्विस सेंटरों के माध्यम से लोग टीकाकरण के लिए पंजीयन कराया जा सकता है। इस निःशुल्क व्यवस्था के बारे में लोगों को जागरूक किया जाए।

संबंधित समाचार