रुद्रपुर: मातृशक्ति ने भरी हुंकार, बोलीं अब और बर्दाश्त नहीं महंगाई,घोटाले वाली सरकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शुक्रवार को वरिष्ठ नेताओं की अगुवाई में दर्जनों महिलाओं ने भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। महंगाई, कोरोना जांच घोटाला, बेरोजगारी, किसान और महिला उत्पीड़न के मुद्दों को लेकर किए गए प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल यात्रा …

रुद्रपुर, अमृत विचार। प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शुक्रवार को वरिष्ठ नेताओं की अगुवाई में दर्जनों महिलाओं ने भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। महंगाई, कोरोना जांच घोटाला, बेरोजगारी, किसान और महिला उत्पीड़न के मुद्दों को लेकर किए गए प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल यात्रा भी निकाली।

महिला कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी परमिंदर सिंह के आह्वान पर दर्जनों की संख्या में महिलाएं गल्ला मंडी में एकत्र हुई। यहां से सभी जुलूस की शक्ल में गांधी पार्क की ओर निकले। इस दौरान सभी ने हाथों में सरकार विरोधी सन्देश लिखी तख्तियां ले रखी थी। महिलाएं पदयात्रा करती हुई मुख्य बाजार से होते हुए बाटा चौक पहुंची और केंद्र व प्रदेश के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गयी। लगभग एक किलोमीटर की पदयात्रा के बाद सभी गांधी पार्क पहुंचे और रैली सभा में तब्दील हो गयी।

प्रदेश प्रभारी कौर ने कहा कि भाजपा ने नारा दिया था-बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ, लेकिन आज पूरे देश में भाजपा के तमाम पदाधिकारी और विधायकों पर महिला शोषण के गंभीर आरोप लग रहे हैं। आज भाजपा के लोगों से मातृशक्ति को बचाने का समय है। पूर्व मंत्री तिलक राज बेहड़ ने कहा कि कुंभ मेले में कोरोना जांच के नाम पर एक बहुत बड़ा घोटाला हुआ है, इसके विरोध में अनेक प्रदर्शन किए जा चुके हैं। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। जबकि लिस्ट बहुत लंबी-चौड़ी है। कहा कि भाजपा की गलत नीतियों के कारण कारखाने बंद हो रहे हैं। जिससे बेरोजगारी बढ़ गई है।

दो करोड़ लोगों को हर साल नौकरी देने का वादा करने वाली मोदी सरकार का नौकरी देना तो दूर उल्टे लोगों की नौकरी जा रही है। पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा ने कहा कि पूरा देश बेरोजगारी व महंगाई से हाहाकार कर रहा है। प्रतिदिन सरकार रसोई गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाने में लगी है। महिलाओं का रसोई चलाना मुश्किल हो गया है।

कांग्रेस नगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा ने कहा कि किसान लंबे समय से अपना हक की लड़ाई लड़ रहा है लेकिन तीन कृषि कानूनों के नाम पर केंद्र सरकार खेती को निजी हाथों में गिरवी रखने का कार्य कर रही है। सरकार के पास महंगाई कम करने को लेकर कोई नीति नहीं है।

भाजपा ने चुनाव के समय जनता से कई वादे किए थे लेकिन अब भाजपा गहरी नींद में सो रही है। अनिल शर्मा ने कहा कि जब से भाजपा सरकार देश में आई है तब से खाद्य व पेट्रो पदार्थों की कीमतें दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। इस दौरान प्रीति साना, शमा सिकदर, ममता रानी, उमा सरकार, मोनिका डाली, बबीता बैरागी, इंद्रावती, कमला देवी, आरती कुमारी, रेखा सिंह, सीमा डंगवाल, सरोज मंडल, जमुना गोलदार, आशा, सरिता आदि दर्जनों महिलाएं शामिल थी।

संबंधित समाचार