टनकपुर: बंद पड़ी सड़क खोलने को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
टनकपुर, अमृत विचार। जनपद चम्पावत के बाराकोट ब्लाक मुख्यालय से ग्राम पंचायत कोठेरा को जोड़ने वाली सड़क पिछले 1 माह से बंद होने के कारण ग्रामीणों को आवाजाही में खासी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। जिसके कारण ग्रामीणों का सड़क संपर्क जिला मुख्यालय समेत अन्य स्थानों से कटा हुआ है। मार्ग ठीक न किए जाने …
टनकपुर, अमृत विचार। जनपद चम्पावत के बाराकोट ब्लाक मुख्यालय से ग्राम पंचायत कोठेरा को जोड़ने वाली सड़क पिछले 1 माह से बंद होने के कारण ग्रामीणों को आवाजाही में खासी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। जिसके कारण ग्रामीणों का सड़क संपर्क जिला मुख्यालय समेत अन्य स्थानों से कटा हुआ है। मार्ग ठीक न किए जाने से गुस्साए ग्रामीणों ने पीएमजीएसवाई के खिलाफ प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की साथ ही चेतावनी दी कि यदि इस मार्ग को जल्द ठीक नहीं किया गया तो आर पार की लड़ाई लड़ने के लिए बाध्य होंगे।
बताया जाता है कि एक माह पूर्व बारिश से मलबा आने के कारण कोठेरा गांव को जोड़ने वाली सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस बाबत ग्रामीणों द्वारा कई बार पीएमजीएसवाई के अधिकारियों से सड़क खोलने की मांग की जा चुकी है। लेकिन अधिकारियों की अनदेखी के कारण मार्ग को अभी तक ठीक नहीं किया जा सका है।
सड़क बंद होने से जिला मुख्यालय एवं ब्लाक मुख्यालय से ग्रामीणों का सड़क संपर्क पूरी तरह कट गया है। ग्रामीणों को आवश्यक की कार्य के लिए आने जाने के अलावा बुजुर्गों व बीमार लोगों को भी काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही है। कार्य भी ठप पड़ गए हैं। वहीं वाहन न पहुंचने से अब गांव में खाद्यान्न का संकट भी उत्पन्न हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि मानसून के समय में विभाग की लापरवाही जारी रही तो लंबे समय तक सड़क खोलना मुश्किल हो जाएगा, जिससे ग्रामीणों की दिक्कतें और बढ़ सकती हैं। उन्होंने शीघ्र सड़क न खोले जाने पर जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
प्रदर्शन करने वालों में महेश खर्कवाल, राजेंद्र सिंह, किशोर सिंह, संजय सिंह, मोहन नाथ, प्रेम सिंह थापा, खुशाल सिंह, कैलाश रावत आदि ग्रामीण मौजूद रहे। इधर पीएमजीएसवाई के जेई दौलत चन्द ने बताया कि सड़क काफी अधिक क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस समय निर्माण कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही मार्ग को दुरुस्त कर आवाजाही शुरू कर दी जाएगी।
