बदायूं: अनुसूचित जाति की महिला को मंदिर में नहीं चढ़ाने दिया प्रसाद
बिसौली/बदायूं, अमृत विचार। थाना वजीरगंज क्षेत्र के एक गांव में अनुसूचित जाति की महिला को मंदिर में प्रसाद नहीं चढ़ाने दिया गया। मंदिर की परिक्रमा करने की कोशिश की तो उसे धक्का मारकर दूर कर दिया गया। पीड़ित महिला की ओर से तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। क्षेत्र के गांव अलहुआ में …
बिसौली/बदायूं, अमृत विचार। थाना वजीरगंज क्षेत्र के एक गांव में अनुसूचित जाति की महिला को मंदिर में प्रसाद नहीं चढ़ाने दिया गया। मंदिर की परिक्रमा करने की कोशिश की तो उसे धक्का मारकर दूर कर दिया गया। पीड़ित महिला की ओर से तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
क्षेत्र के गांव अलहुआ में इंसानियत को झकझोर देने का मामला सामने आया है। गांव के मंदिर में यज्ञ का आयोजन किया जा रहा था। जहां थाना बिसौली के गांव नवाबपुर पस्तौर निवासी शांति देवी पत्नी नानकराम शुक्रवार सुबह नौ बजे मंदिर पर प्रसाद चढ़ाने गई थीं। जिन्हें प्रसाद चढ़ाने से मना कर दिया गया तो महिला ने मंदिर की परिक्रमण लगाने की कोशिश की।
आरोप है कि गांव अलहुआ निवासी दो युवकों ने उनका हाथ पकड़कर जोर से धक्का देकर वहां से भगा दिया। महिला चुपचाप अपने घर पर चली गई और पूरी बात परिवार के सदस्यों को बताई तो महिला का बेटा किशनवीर जब शिकायत करने पहुंचा तो उसके साथ भी अभद्रता की गई। आरोप है कि उसे तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई।
शांति देवी की ओर से तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। सीओ बिसौली विनय कुमार चौहान ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जो भी सत्यता निकलकर आएगी उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
