बरेली: शिवभक्तों को डाकघर उपलब्ध कराएगा गंगा जल
बरेली, अमृत विचार। कोरोना की दूसरी लहर का प्रकोप कम होने के साथ ही तीसरी लहर का खतरा बरकरार है। इसको लेकर शासन ने कांवड़ यात्रा पर रोक लगा दी है, जिससे शिवभक्तों में मायूसी छाई है। उनकी परेशानी को देखते हुए डाक विभाग शिवभक्तों को गंगोत्री का गंगाजल उपलब्ध कराएगा। प्रधान डाकघर में 30 रुपये …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना की दूसरी लहर का प्रकोप कम होने के साथ ही तीसरी लहर का खतरा बरकरार है। इसको लेकर शासन ने कांवड़ यात्रा पर रोक लगा दी है, जिससे शिवभक्तों में मायूसी छाई है। उनकी परेशानी को देखते हुए डाक विभाग शिवभक्तों को गंगोत्री का गंगाजल उपलब्ध कराएगा। प्रधान डाकघर में 30 रुपये में गंगाजल की 250 एमएल की बोतल उपलब्ध है। वहीं खास बात यह है कि इस बार गंगाजल के साथ-साथ कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए सैनिटाइजर भी उपलब्ध होगा।

वैश्विक महामारी कोरोना के कारण पिछले साल भी कांवड़ यात्रा पर पाबंदी थी। इस साल भी तीसरी लहर के कारण यात्रा नहीं हो सकेगी। बरेली के शिवभक्त हरिद्वार, कछला और गढ़ से गंगा जल लाकर महादेव का जलाभिषेक करते हैं इसलिए इसकी आपूर्ति करने के लिए डाक विभाग ने कमर कस ली है। डाक विभाग को अनुमान है कि पिछले साल की तुलना में इस बार गंगा जल की बिक्री ज्यादा होगी। पिछले साल की भांति इस साल भी डाक विभाग 250 मिली लीटर की शीशी डाकघर के काउंटर से उपलब्ध कराएगा। विभाग ने इसकी कीमत मात्र 30 रुपये निर्धारित की है।
वहीं संक्रमण के चलते एहतियात के तौर पर सैनिटाइजर भी उपलब्ध कराएगा। डाक विभाग ने 60 मिलीलीटर सैनिटाइजर की कीमत मात्र 30 रुपये रखी है। सैनिटाइजर 60 से लेकर 500 मिलीलीटर तक की बोतल में उपलब्ध होगा लेकिन इस साल गंगा जल की होम डिलीवरी नहीं की जाएगी। अफसरों का दावा है कि डाकघर में पर्याप्त मात्रा में गंगा जल का स्टॉक उपलब्ध है। शिवभक्तों को गंगाजल की कमी नहीं पड़ने दी जाएगी।

सावन शुरू होने से पहले ही दस पेटी गंगाजल बेचा
डाक विभाग ने सावन शुरू होने से पहले ही दस पेटी गंगा जल की बिक्री कर दी है। एक पेटी में 250 एमएल की 48 बोतलें आती हैं। शुरू में छह पेटियां गंगोत्री के गंगाजल की डाक विभाग को मिल गई हैं। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर डिमांड भेजी है। अधिकारियों का कहना है कि लोगों में गंगोत्री जल को लेकर काफी ऋद्धा है इसलिए डाकघर से लगातार गंगाजल की बिक्री हो रही है। सावन के महीने में इस बार पिछले साल के मुकाबले बिक्री अधिक होने की उम्मीद है।
प्रवर अधीक्षक, प्रधान डाकघर पीके सिंह ने बताया कि कोविड महामारी के चलते कांवड़ यात्रा पर रोक है इसलिए शिवभक्तों को आसानी से गंगोत्री का गंगाजल मिल सके, इसके लिए डाक विभाग की तैयारी पूरी है। इस व्यवस्था से शिवभक्तों को गंगा जल लाने के लिए गंगा तट जाने की आवश्यकता भी नहीं होगी। डाकघर में गंगा जल के लिए काउंटर खोल दिया गया है। कोई भी व्यक्ति 30 रुपये देकर 250 एमएल गंगाजल खरीद सकता है।
