बनबसा: पर्यावरण मित्र हाथों में झाड़ू लेकर सरकार पर बरसे
बनबसा, अमृत विचार। 11 सूत्रीय मांगों को लेकर नगर पंचायत के पर्यावरण मित्रों का आंदोलन उग्र होता जा रहा है। रविवार को उन्होंने हाथों में झाड़ू लेकर कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में रैली निकाली और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने …
बनबसा, अमृत विचार। 11 सूत्रीय मांगों को लेकर नगर पंचायत के पर्यावरण मित्रों का आंदोलन उग्र होता जा रहा है। रविवार को उन्होंने हाथों में झाड़ू लेकर कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में रैली निकाली और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने का एलान किया।
देवभूमि उत्तराखंड कर्मचारी संघ के आह्वान पर बनबसा के पर्यावरण मित्र सात दिनों से कार्य बहिष्कार पर नगर पंचायत कार्यालय में धरने पर बैठे हैं। रविवार को पर्यावरण मित्रों, उनके परिजनों और वाल्मीकि समाज के लोगों ने नगर पंचायत कार्यालय में एकत्र होकर पहले नारेबाजी की। इसके बाद उन्होंने हाथों में झाड़ू लेकर पंचायत कार्यालय से रैली निकाली, जो मेन बाजार से हाईवे और फिर पाटनी तिराहे होते हुए वापस पंचायत कार्यालय पहुंची, जहां शाखाध्यक्ष प्रमोद रत्नाकर की अध्यक्षता एवं महामंत्री सनी देवल वाल्मीकि के संचालन में हुई सभा में पर्यावरण मित्र सरकार पर जमकर बरसे।
आरोप लगाया कि कार्य बहिष्कार के एक सप्ताह होने के बावजूद अब तक उनकी कोई सुध नहीं ली गई है। जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं हो जाती वे लोग कार्य बहिष्कार जारी रखेंगे। कार्य बहिष्कार और रैली निकालने वालों में सभासद रेखा देवी, विजयपाल वाल्मीकि, सौरभ वाल्मीकि, लक्ष्मी देवी, नीलम देवी, शानू देवी, सोनी देवी, कमलेश देवी, नरेश विश्वकर्मा, अभिषेक, करन, महेंद्र पाल, रोहन लाल आदि शामिल रहे। उधर, पर्यावरण मित्रों के कार्य बहिष्कार के चलते नगर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं, जिससे आम नागरिक परेशान हैं।
जेसीबी से कूड़ा उठाने का सफाईकर्मियों ने किया विरोध
बागेश्वर। नगर पालिका ने जेसीबी मशीन के द्वारा नगर के कूड़े को हटाने का प्रयास किया तो सफाई कर्मी इसके विरोध में उतर आए। उन्होंने हाथ में झाड़ू लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कहा कि वे अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। पालिका प्रशासन उसे तोड़ने का प्रयास कर रहा है। उनके मंसूबों को पूरा नहीं होने दिया जाएगा। विरोध में उतरे कर्मचारियों ने नगर की सफाई नहीं होने दी। हड़ताल के चलते नगर में कूड़े के ढेर लगने लगे हैं। उधर कपकोट नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद बिष्ट ने सभासदों के साथ बाजार में फैले कूड़े को समेटकर ढेर बनाया। उन्होंने लोगों से भी नगर में बने कूड़ेदानों में ही कूड़ा डालने की अपील की।
