बरेली: सर्राफ की दुकान में घुसकर की टप्पेबाजी, 8 अंगूठियां उड़ाईं
बरेली, अमृत विचार। टप्पेबाज सर्राफ की आंखों के सामने से दिनदहाड़े 8 अंगूठियां लेकर फरार हो गए। भागते समय टप्पेबाज बाइक से जाते हुए सीसीटीवी में नजर आए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। सर्राफ ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंपी है। सुभाषनगर के तिलक कॉलोनी निवासी रवि कुमार …
बरेली, अमृत विचार। टप्पेबाज सर्राफ की आंखों के सामने से दिनदहाड़े 8 अंगूठियां लेकर फरार हो गए। भागते समय टप्पेबाज बाइक से जाते हुए सीसीटीवी में नजर आए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। सर्राफ ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंपी है।
सुभाषनगर के तिलक कॉलोनी निवासी रवि कुमार सिंह ने मॉडल ज्वेलर्स के नाम से नई दुकान खोली है। अभी दुकान में फिनिसिंग का काम भी चल रहा है। बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक व्यक्ति उनकी दुकान में आया और बेटी के लिए सोने की बालियां दिखाने के लिए कहा, सर्राफ ने उसे बाली दिखाई तो वह अंगूठी दिखाने की बात भी करने लगा। इस पर सर्राफ ने अंगूठी भी दिखाई।
टप्पेबाज ने अंगूठी पसंद होने की बात कही। इसी बीच दुकान में उसका दूसरा साथी भी आ गया। उससे टप्पेबाज ने कहा कि अंगूठी पसंद आ गई है। पत्नी बाहर खड़ी है। जरा बुला दो, वह भी देख लें। इस दौरान सर्राफ बालियां रखने में व्यस्त हो गया। मौका पाकर टप्पेबाज काउंटर पर रखी 8 अंगूठियां लेकर वहां से फरार हो गया जब तक सर्राफ को इसकी जानकारी हुई तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुका था।
सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी
वारदात को अंजाम देकर जाते समय दोनों लोग सीसीटीवी में कैद हुए हैं। सर्राफ ने उनको पहचाना भी है। अब पुलिस उनकी तलाश कर रही है। दोनों मास्क लगाए हैं। बाइक पर पीछे बैठा व्यक्ति अंगूठी लेकर निकला। बाइक चलाने वाला टप्पेबाज गुलाबी रंग की टोपी भी पहने है।
डेढ़ लाख है कीमत
सर्राफ रवि कुमार सिंह ने बताया कि टप्पेबाज चार पुरुष और चार महिला की अंगूठी ले गए हैं। सभी का कुल वजन 32 ग्राम है। अंगूठियों की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये है। पुलिस मौके पर मौजूद अन्य सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
नरेश त्यागी, इंस्पेक्टर सुभाषनगर ने बताया कि दो लोगों ने सर्राफ की दुकान में जाकर आठ अंगूठियों को चोरी किया है। पुलिस को उनकी सीसीटीवी मिली है। मामले की जांच की जा रही है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
