मुरादाबाद : आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने घेरा थाना, परिजनों में जबरदस्त आक्रोश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद/भोजपुर,अमृत विचार। किशोरी को भगाकर ले जाने के आरोपी टैंट कारोबारी पंकज सैनी के मौसेरे भाई को तालिबानी सजा देने वालों की गिरफ्तारी न होने पर पीड़ित पक्ष में जबरदस्त आक्रोश है। युवक के परिजनों ने पुलिस पर मुकदमे का अल्पीकरण करने का आरोप लगाया है। इसी को लेकर उन्होंने ग्रामीणों के साथ बुधवार को …

मुरादाबाद/भोजपुर,अमृत विचार। किशोरी को भगाकर ले जाने के आरोपी टैंट कारोबारी पंकज सैनी के मौसेरे भाई को तालिबानी सजा देने वालों की गिरफ्तारी न होने पर पीड़ित पक्ष में जबरदस्त आक्रोश है। युवक के परिजनों ने पुलिस पर मुकदमे का अल्पीकरण करने का आरोप लगाया है। इसी को लेकर उन्होंने ग्रामीणों के साथ बुधवार को थाने का घेराव किया। इस दौरान पुलिस के रवैये के विरोध में प्रदर्शन करते हुए फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस दो नामजद ब्रजेश और सोमपाल को गिरफ्तार कर चुकी है।

थाना क्षेत्र के गांव रूपपुर बहादुरपुर में 15 दिन पूर्व नाबालिग छात्रा के अपने प्रेमी के साथ चले जाने को लेकर अभी भी तनाव है। किशोरी बरामद नहीं होने पर लड़की पक्ष में आक्रोश है तो वहीं मेहमान की पिटाई को लेकर पंकज सैनी पक्ष भी आक्रोशित है। सोमवार को पंकज सैनी के मौसेरे भाई रामपुर जनपद के टांडा थाना क्षेत्र के गांव मोहब्बत गंज निवासी रवि सैनी को लड़की पक्ष द्वारा पेड़ से उल्टा लटका कर डंडों से पीटा गया था।

इस घटना ने आग में घी का काम किया। गांव में पहले से ही तनाव की सूचना के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणों के अनुसार पुलिस ने रवि सैनी के मौसा मदन सैनी की तहरीर पर चार युवकों के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर उन्हें बचाने का प्रयास किया। युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल होने पर थाना पुलिस की नींद टूटी।

फजीहत से बचने के लिए पुलिस ने पुरानी एनसीआर में ही एक दर्जन अज्ञात लोगों के नाम जोड़कर मुकदमे में तरमीम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने मामले का अल्पीकरण कर आरोपियों की सहायता करने का प्रयास किया। इस कार्रवाई से आक्रोशित रवि सैनी पक्ष के लोगों ने बुधवार को ग्रामीणों संग पहुंच थाने का घेराव किया।

अब तक की गई कार्रवाई पर आक्रोश जताते हुए उन्होंने फरार चल रहे आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की। आक्रोशित ग्रामीणों का कहना था कि दबंगों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर निर्दोष को इतना पीटा कि वह मरणासन्न हालत में पहुंच गया। वह उनके सामने गिड़गिड़ाता रहा। लेकिन, उन्हें उसे पर जरा भी दया नहीं आई। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस दबंगों को बचाने के प्रयास में जुटी है।

युवक की पिटाई करने वाले दो आरोपियों को भेजा जेल
मुरादाबाद/भोजपुर। थाना क्षेत्र के रूपपुर बहादुरपुर निवासी टैंट व्यवसायी पंकज सैनी 15 जुलाई को गांव की ही 10वीं की छात्रा को भगा कर ले गया था। इसमें उसके खिलाफ भोजपुर थाने में केस भी दर्ज किया गया था। पुलिस अभी तक किशोरी को बरामद नहीं कर सकी है। सोमवार को आरोपी का मौसेरा भाई रवि सैनी अपने मौसा के भूखे-प्यासे पशुओं की देखभाल करने के लिए उनके गांव आया था।

यहां किशोरी के परिजनों की नजर उस पर पड़ गई थी। उन्होंने उसे पकड़ कर पेड़ से उलटा लटका दिया और डंडों और बेल्टों से जम कर पिटाई की थी। इसकी वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने किशोरी पक्ष के संजीव, बंटी, सोनू, ब्रजेश और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। मंगलवार की शाम आरोपी ब्रजेश और उसके भाई सोमपाल को गिरफ्तार कर लिया गया। बुधवार की दोपहर दोनों का न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगी है। वीडियो में दिखने वाले अन्य ग्रामीणों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। इसके अलावा एक टीम किशोरी और आरोपी युवक की तलाश भी कर रही है। –विद्या सागर मिश्र, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण

संबंधित समाचार