लखनऊ: कैब चालक को पीटने वाली युवती पर भी दर्ज हुआ केस, जानें पूरा मामला
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के कृष्णा नगर थाना क्षेत्र स्थित अवध चौराहे पर कैब चालक को जमकर पीटने वाली युवती के खिलाफ भी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दरअसल सोमवार को सोशल मीडिया पर एक चालक व युवती के बीच मारपीट का वीडियो वायरल हो गया। जिसमें युवती सड़क पार कर रही थी। इसी …
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के कृष्णा नगर थाना क्षेत्र स्थित अवध चौराहे पर कैब चालक को जमकर पीटने वाली युवती के खिलाफ भी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दरअसल सोमवार को सोशल मीडिया पर एक चालक व युवती के बीच मारपीट का वीडियो वायरल हो गया। जिसमें युवती सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान चालक भी वाहन लेकर वहां पहुंच जाता है। युवती को वाहन से टक्कर भी नहीं लगती है, लेकिन युवती का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उसने युवक को वाहन से निकालकर उसकी पिटाई कर दी।
वहीं पास में पुलिसकर्मी और आमजन भी खड़े थे। युवक गिड़गिड़ाता रहा, लेकिन दबंग युवती के कहर के आगे खाकी वर्दी वाले मूकदर्शक बने रहे। इस मामले में तमाशबीन बनी पुलिस ने पीड़ित चालक के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर उसके खिलाफ ही कार्रवाई कर दी थी। हालांकि सोमवार को लखनऊ पुलिस आयुक्त डीके ठाकुर के मामले का संज्ञान लेने के बाद युवक को पीटने वाली युवती के खिलाफ भी मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
बताते चलें कि 30 जुलाई की शाम केसरी खेड़ा कॉलोनी कृष्णानगर निवासी 28 वर्षीय युवती अवध चौराहे पर पैदल जा रही थी। युवती का आरोप है कि यूपी 32 एच ए 2545 चार पहिया वाहन पर सवार वजीरगंज निवासी शहादत अली, इनायत अली व दाऊद अली ने उसे टक्कर मारने की कोशिश की। यही आरोप लगाकर युवती ने एक युवक को वाहन से खींचकर उतार लिया और उसके ऊपर कहर बनकर टूट पड़ी।
पुलिस का कहना है कि मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामले को निपटाने की कोशिश की गई थी, लेकिन दोनों पक्ष समझौते को तैयार नहीं हुए। जिसके बाद पुलिस ने युवती की तहरीर पर कैब चालक के खिलाफ ही मामला दर्ज कर लिया था। हालांकि सोमवार को जब दूसरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस अधिकारी सकते में आ गए। सोशल मीडिया पर भी लोग युवती की गलती बताकर चालक का पक्ष लेने लगे। जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने कृष्णानगर पुलिस को तत्काल युवती के खिलाफ मामला दर्ज करने के निर्देश दिए।
