अल्मोड़ा: समस्याओं के निस्तारण में कोताही बर्दाश्त नहीं- डीएम
अल्मोड़ा, अमृत विचार। जन समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता से किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसी भी हालत में ब्लॉक और तहसीलों से संबंधित समस्याएं जिला स्तर तक नहीं आनी चाहिए। अधिकारी रोस्टर के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में कैंप लगाए और समस्याओं का मौके पर ही …
अल्मोड़ा, अमृत विचार। जन समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता से किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसी भी हालत में ब्लॉक और तहसीलों से संबंधित समस्याएं जिला स्तर तक नहीं आनी चाहिए। अधिकारी रोस्टर के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में कैंप लगाए और समस्याओं का मौके पर ही निदान करें।
यह बात अल्मोड़ा की डीएम वंदना सिंह ने कलक्ट्रेट में राजस्व विभाग से जुड़े अधिकारियों को निर्देश देते हुए कही। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपनी-अपनी तहसीलों में राशन की दुकानें व विद्यालयों का औचक निरीक्षण करें और खामी मिलने पर उचित कार्रवाई भी करें। डीएम ने कहा है कि राजस्व वसूली के मामलों में भी तेजी लाई जाए साथ ही जमीनों की खरीद से जुड़े मामलों में भूमि का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि कहीं भूमि पर अवैध रूप से अतिक्रमण तो नहीं किया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि अगले वर्ष प्रदेश में विधानसभा चुनाव आयोजित कराए जाने हैं। इसलिए सभी उप जिलाधिकारी इसके लिए भी अभी से तैयारियां शुरू कर लें। मतदेय स्थलों का निरीक्षण व निर्वाचक नामावलियों में नाम से जुड़े कार्य शीघ्र पूरे कर लिए जाने चाहिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी बीएल फिरमाल समेत सभी तहसीलों के अधिकारी मौजूद रहे।
मेडिकल कालेज के निर्माण कार्य में लाएं तेजी
जिलाधिकारी वंदना सिंह से जिला मुख्यालय पर बन रहे मेडिकल कॉलेज के सभी कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता व पारदर्शिता बरती जाए। निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गुरुवार को अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि मेडिकल कालेज की पहली एलओपी के लिए आवश्यक कार्यों को चरणबद्ध और प्राथमिकता से पूरा किया जाए।
उन्होंने निर्माणदायी संस्था सीएनडीएस को दो दिनों के अंदर मेडिकल कालेज को जाने वाले सड़क का निर्माण करने के निर्देश दिए। जबकि यूपीआरएनएन के अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर मेडिकल कालेज हेतु सीवर लाईन कार्य आरंभ करने को कहा। डीएम ने कहा कि मेडिकल कालेज में बनने वाले शेष भवनों का प्रस्ताव तीस अगस्त तक तैयार कर लिया जाए। इसके अलावा उन्होंने पेयजल लाइनों को दुरुस्त करने, ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए हैं। इस मौके पर सीएमओ सविता हयांकी, प्राचार्य डा. सीपी भैंसोड़ा समेत अनेक अधिकारी मौजूद रहे।
