हल्द्वानी: डबल इंजन की सरकार फेल, बार-बार बदले जा रहे ड्राइवर – खेड़ा
हल्द्वानी, अमृत विचार। डबल इंजन की सरकार से उत्तराखंड में ट्रबल ही ट्रबल है। प्रदेश में बेरोजगारी, पलायन चरम पर है और अर्थव्यवस्था चौपट है। डबल इंजन की सरकार के बार-बार ड्राइवर बदल दिए जाते हैं। भाजपा को अपने ही मुख्यमंत्रियों पर भरोसा नहीं है और इसका खामियाजा जनता को भुगतना होता है यह बात …
हल्द्वानी, अमृत विचार। डबल इंजन की सरकार से उत्तराखंड में ट्रबल ही ट्रबल है। प्रदेश में बेरोजगारी, पलायन चरम पर है और अर्थव्यवस्था चौपट है। डबल इंजन की सरकार के बार-बार ड्राइवर बदल दिए जाते हैं। भाजपा को अपने ही मुख्यमंत्रियों पर भरोसा नहीं है और इसका खामियाजा जनता को भुगतना होता है यह बात कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कही।
रविवार को नैनीताल रोड स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में पवन खेड़ा ने कहा कि भाजपा का तीन बार मुख्यमंत्री बदलना साबित करता है कि मुख्यमंत्री फेल रहे। अब यह भाजपा की नैतिक जिम्मेदारी है कि बताए कि मुख्यमंत्री का रिपोर्ट क्या है? किस वजह से मुख्यमंत्री को हटाया गया और जनता पर मनमाने फैसले थोप गए। चुटकी ली कि, जब भाजपा के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार नहीं चलाना जानते हैं तो उनके मुख्यमंत्री सरकार चलाना क्या जानेंगे।
उन्होंने भाजपा पर हमला बोला कि डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश में तबाही के सिवा कुछ नहीं दिया है। राज्य में बेरोजगारी 14.2 प्रतिशत है। विकास के नाम पर जो पिछली कांग्रेस सरकार ने काम किए थे इसके बाद कुछ नहीं हुआ। आरोप लगाया कि भाजपा ने सिर्फ लोगों को आपस में लड़वाने का काम किया है।
भाजपा राज में भ्रष्टाचार चरम पर है। भाजपा की प्राथमिकता वोट और कमाई है। जबकि कांग्रेस की प्राथमिकता स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली, पानी और महंगाई है। इन समस्याओं को समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब जनता ने भी बदलाव का मन बना लिया है। वहीं मुख्यमंत्री के चेहरे पर खेड़ा ने कहा कि सत्ता में आने के बाद सामूहिक तौर पर मुख्यमंत्री का भी चयन किया जाएगा।
दिल्ली में कोरोना महामारी से हुई ‘हत्याओं’ का जुर्म केजरीवाल के सिर जाता
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने आम आदमी पार्टी को निशाना बनाते हुए कहा का अरविंद केजरीवाल राजनीति के व्यापारी है कि वोट दो मैं ये मुफ्त दूंगा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल का विकास कोरोना महामारी के समय दिल्ली में दिखाई दिया। जहां जनता को ऑक्सीजन, बेड, दवाइंयों की कमी से जूझना पड़ा। हजारों लोगों की कोरोना से मौत हुई और ये मौत नहीं हत्याएं थीं। इन हत्याओं का इनका जुर्म केजरीवाल के सिर जाता है। अब दिल्ली वाले भी मुफ्त बिजली के करंट का झटका देने को तैयार है।
नेता प्रतिपक्ष को दी श्रद्धांजलि
प्रेस वार्ता से पूर्व कांग्रेसी नेताओं ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्व. डॉ. इंदिरा हृदयेश के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दो मिनट का मौन रखकर उनको श्रद्धांजलि दी।
ये रहे मौजूद
एआईसीसी सदस्य सुमित हृदयेश, जरिता लैतफलांग, तिलकराज बेहड़, हरीश दुर्गापाल, सतीश नैनवाल, हरीश चंद्र सिंह ऐंठानी, राहुल छिमवाल, हरीश मेहता, हेमंत बगड़वाल, एनबी गुणवंत, गोविंद बिष्ट आदि थे।
