हल्द्वानी: अब स्मार्ट कार्ड से शॉपिंग करेंगे कैदी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। उपकारागार के कैदी भी अब मनचाही शॉपिंग कर पाएंगे। वह जेल की कैंटीन से दैनिक उपयोग की वस्तुओं के साथ ही खाने-पीने की वस्तुएं खरीद सकेंगे। इसके लिए जेल प्रशासन कैदियों का स्मार्ट शॉपिंग कार्ड बनवा रहा है। जेल प्रशासन ने कैदियों की सुविधा के लिए यह योजना शुरू की है। पहले …

हल्द्वानी, अमृत विचार। उपकारागार के कैदी भी अब मनचाही शॉपिंग कर पाएंगे। वह जेल की कैंटीन से दैनिक उपयोग की वस्तुओं के साथ ही खाने-पीने की वस्तुएं खरीद सकेंगे। इसके लिए जेल प्रशासन कैदियों का स्मार्ट शॉपिंग कार्ड बनवा रहा है। जेल प्रशासन ने कैदियों की सुविधा के लिए यह योजना शुरू की है।

पहले चरण में 700 कैदियों के लिए शॉपिंग कार्ड तैयार किए जा रहे हैं। बाद में अन्य कैदियों के लिए भी शॉपिंग कार्ड तैयार किए जाएंगे। स्मार्ट कार्ड के जरिये कैदी हर माह साढ़े चार हजार रुपये तक की खरीदारी कर सकते हैं।

कैदी कैंटीन से बिस्किट, नमकीन, टूथपेस्ट, ब्रश, साबुन, शेंपो, तेल, अंडरवेयर आदि की खरीदारी कर सकते हैं। जेल की कैंटीन से खाने-पीने का सामान भी लिया जा सकता है। इसके लिए कैदियों के परिजन उनके बैंक खाते में रुपए डालेंगे। कैदियों के बैंक खाते को स्मार्ट कार्ड से जोड़ दिया जाएगा।

इसके लिए जेल में कंप्यूटर सिस्टम तैयार किया गया है। अब कार्ड बनाने का काम किया जा रहा है। इस योजना से कैदियों के परिजनों को भी सहूलियत होगी। उन्हें कैदियों को जरुरत का सामान देने के लिए जेल का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा।

कार्ड के प्रयोग से जेल में नकद लेनदेन होगा बंद
हल्द्वानी। स्मार्ट कार्ड के प्रयोग से जेल में नकद लेनदेन बंद होगा। इससे परिसर में पारदर्शिता भी बढ़ेगी। इस साल फरवरी में जेल का प्रभार मिलने के बाद आईपीएस पीएन मीणा ने नकद लेनदेन पर रोक लगाने के लिए योजना शुरू करने के निर्देश दिए थे। जेल प्रशासन को परिसर के भीतर नकद लेनदेन में गड़बड़ी की शिकायतें भी मिली थीं।

कैदियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और उन्हें जेल परिसर में मानवीय सुविधा देने के उद्देश्य से स्मार्ट कार्ड बनाए जा रहे हैं। पहले चरण में सात सौ कैदियों के कार्ड बनाए जा रहे हैं। इसके बाद अन्य कैदियों के भी कार्ड बनाए जाएंगे।
– सतीश सुखीजा, वरिष्ठ जेल अधीक्षक, उप कारागार हल्द्वानी

 

संबंधित समाचार