हल्द्वानी: टीकाकरण की गति से डीएम का दावा हो सकता है विफल
हल्द्वानी, अमृत विचार। विगत दिनों जिलाधिकारी नैनीताल ने दावा किया था कि 15 सिंतबर तक जिले में सभी लोगों को कोरोना का एकल टीका लग जाएगा लेकिन टीका लगाने की जो गति है वह डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल के दावे से उलट है। अगर इसी गति से टीकाकरण चलता रहा तो अगले 15 दिन नहीं …
हल्द्वानी, अमृत विचार। विगत दिनों जिलाधिकारी नैनीताल ने दावा किया था कि 15 सिंतबर तक जिले में सभी लोगों को कोरोना का एकल टीका लग जाएगा लेकिन टीका लगाने की जो गति है वह डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल के दावे से उलट है। अगर इसी गति से टीकाकरण चलता रहा तो अगले 15 दिन नहीं बल्कि अगले डेढ़ माह मे जाकर यह लक्ष्य पूरा हो पाएगा।
जिले में करीब आठ लाख वयस्क लोगों को कोरोना का टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था। जिसमें से अभी तक करीब 6.10 लाख लोगों को कोरोना का पहला टीका लग चुका है। इसमें करीब दो लाख लोग ऐसे हैं जिनको कोरोना का दूसरा टीका भी लग गया है। करीब एक सप्ताह पहले डीएम ने दावा किया था कि जिले में जितने भी वयस्क बचे हैं उन सभी लोगों को कोरोना का कम से कम एक टीका लगा दिया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि अगर किसी व्यक्ति को कोरोना टीके की एक डोज भी लगी है तब भी सुरक्षा की संभावना बढ़ जाती है। पिछले छह दिनों में 29026 लोगों को कोरोना का पहला टीका लग पाया है। यानी एक दिन में करीब 4837 लोग ही ऐसे हैं जिनको कोरोना का पहला टीका मिला है। जबकि अभी जिले में करीब 1.90 लाख लोग ऐसे हैं जिनको कोरोना का कोई भी टीका नहीं लगा है। इस हिसाब से अभी सभी वयस्क लोगों को कोरोना का कम से कम एक टीका लगाने के लिए डेढ़ माह का और समय लग सकता है।
