हल्द्वानी: उत्तराखंड में होगा खेल महाकुंभ का आयोजन
नरेन्द्र देव सिंह,हल्द्वानी। कोविड काल से बाहर निकलते हुए उत्तराखंड में खेल महाकुंभ का आयोजन किया जाना तय हुआ है।12 वर्गों में खेलों का आयोजन किया जाएगा। इसमें 14 साल से ऊपर के खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा। इसके लिए समस्त जिला स्तर पर अधिकारियों को निर्देश भेज दिए गए हैं। अनुमान है कि 20 …
नरेन्द्र देव सिंह,हल्द्वानी। कोविड काल से बाहर निकलते हुए उत्तराखंड में खेल महाकुंभ का आयोजन किया जाना तय हुआ है।12 वर्गों में खेलों का आयोजन किया जाएगा। इसमें 14 साल से ऊपर के खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा। इसके लिए समस्त जिला स्तर पर अधिकारियों को निर्देश भेज दिए गए हैं। अनुमान है कि 20 सितंबर से खेलों का आयोजन शुरू हो जाएगा।
सचिव खेल एसए मुरुगेशन की ओर से जारी आदेश में सभी जिलों को खेल आयोजनों की तैयारी के निर्देश दिए गए हैं। इस साल आयोजित होने वाली खेल कुंभ प्रतियोगिता में अंडर 12 कैटेगिरी नहीं होगी। इसके साथ ही आयोजन में सीमित संख्या में लोगों को शामिल करने का भी निर्णय लिया गया है। हालांकि खेलों के आयोजन के संदर्भ में अभी अलग से दिशा निर्देश जारी किए जाएंगे। खेल कुंभ के तहत न्याय पंचायत से लेकर जिला और राज्य स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित होती हैं।
इस आयोजन में इस साल तीन लाख के करीब खिलाड़ियों का शामिल किया जाएगा। खेल महाकुंभ के प्रचार प्रसार के लिए सरकारी संस्थाओं का इस्तेमाल किया जाएगा और पोस्टर, बैनर के जरिए भी इसका प्रचार किया जाएगा। खेलों के सफल आयोजन के लिए हर स्तर पर समिति का गठन किया गया है।
न्याय पंचायत स्तर पर गठित समिति का अध्यक्ष ग्राम प्रधान, विकासखंड स्तरीय समिति का अध्यक्ष खंड विकास अधिकारी और संरक्षक क्षेत्र प्रमुख होगा। जनपद स्तरीय समिति के संरक्षक प्रभारी मंत्री और अध्यक्ष जिलाधिकारी होंगे। इसके साथ ही राज्य स्तरीय समिति के अध्यक्ष युवा कल्याण मंत्री होंगे। इसमें मुख्य सचिव सदस्य की भूमिका में रहेंगे। अधिकारियों का कहना है कि अभी तिथि तय नहीं हुई है लेकिन अनुमान है कि आयोजन 20 सितंबर से होगा।
खेल कुंभ की तैयारी के संदर्भ में सभी जिलों को दिशा निर्देश दे दिए गए हैं। जल्द ही खेल व युवा कल्याण मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली बैठक में आयोजन की तिथि को अंतिम रूप दिया जाएगा।-गिरधारी सिंह रावत, निदेशक, युवा कल्याण विभाग
इन वर्गों में होगा खेलों का आयोजन
1-कबड्डी, 2- एथलेटिक्स, 3- खो-खो, 4- वालीबॉल, 5- बैडमिंटन, 6- फुटबॉल, 7-टेबिल-टेनिस, 8- ताईक्वांडो, 9- बाक्सिंग, 10- जूडो, 11- हैंडबॉल, 12-बास्केटबॉल
लोगो और शुभांकर का हुआ चयन
खेल महाकुंभ के लिए लोगों और शुभांकर का चयन हो गया है।लोगो में ग्राफिक्स के साथ एक दौड़ता हुआ धावक है। वहीं, शुभांकर में ध्रुव (मस्क डियर) है। लोगो में खेल महाकुंभ उत्तराखंड 2021 भी लिखा हुआ है।
निर्धारित आयुवर्ग
1- अंडर-14, 2-अंडर-17, अंडर-21, दिव्यांगजन (ब्लाइंड, मूक बधिर, आर्थो)
पुरस्कार में ये मिलेगी धनराशि
स्तर प्रथम द्वितीय तृतीय
विकासखंड 300 200 150
जनपद 700 500 300
राज्य 1000 600 400
कोविड के समय खेलों के आयोजन में हो सकती है दिक्कत
कोरोनाकाल में खेलों के आयोजन में परेशानी आ सकती है। हालांकि अभी कोरोना संक्रमण के मामले थमे हुए हैं लेकिन केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग ने इस तरह के आयोजन को रोकने के लिए कहा है कि जिसमें भीड़ हो। साथ ही खेल महाकुंभ के आयोजन में 18 साल से कम आयुवर्ग के खिलाड़ियों को शामिल किया जा रहा है। जिनके कोरोना टीकाकरण की अभी कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में खेलों के आयोजन में कोविड नियमों का कितना पालन होगा यह देखने वाली बात होगी।
