सलाखों के पीछे पहुंचे घूम-घूम कर ताला तोड़ने वाले शातिर चोर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। टीपी नगर चौकी क्षेत्र में बीती 28 अगस्त की रात हुई दो चोरियों का मंगलवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया है। गिरफ्त में आए चोर घूम-घूम कर वारदातों को अंजाम देते थे। वारदात को अंजाम देने वाले दो चोर पुलिस के चंगुल में हैं और पुलिस ने इनकी निशानदेही पर चोरी किया …

हल्द्वानी, अमृत विचार। टीपी नगर चौकी क्षेत्र में बीती 28 अगस्त की रात हुई दो चोरियों का मंगलवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया है। गिरफ्त में आए चोर घूम-घूम कर वारदातों को अंजाम देते थे। वारदात को अंजाम देने वाले दो चोर पुलिस के चंगुल में हैं और पुलिस ने इनकी निशानदेही पर चोरी किया गया माल बरामद कर लिया है।

मामले में एसपी सिटी डॉ.जगदीश चंद्र ने बताया कि बीती 28 अगस्त को महादेव इनक्लेव निवासी योगेश चंद्र मिश्रा और वार्ड 56 मानपुर पश्चिम निवासी विनोद सिंह नेगी के घर का ताला तोड़ कर चोरों ने सोने-चांदी के जेवर और हजारों रुपए की नगदी साफ कर दी थी। चोरों ने पहले योगेश के घर को निशाना बनाया और जेवर के साथ करीब 6 हजार की नगदी पर हाथ मारा। इसके बाद विनोद के घर में तोड़फोड़ कर जेवर के साथ करीब 15 हजार की नगदी उड़ाई।

दोनों मामलों में पुलिस ने तमाम सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों के जरिये आरोपियों तक पहुंच गई। इस मामले में पुलिस ने राकेश पाल उर्फ कालिया निवासी टांडा उज्जैन लाइन काशीपुर व आबिद हुसैन निवासी गदरपुर को गिरफ्तार किया। दोनों न सिर्फ अपना जुर्म कबूल किया, बल्कि चोरी किया गया माल भी बरामद किया। पुलिस टीम में कोतवाल अरुण कुमार सैनी, एसआई संजीत कुमार राठौर, एसआई मनोज यादव, कॉस्टेबल परवेज अली, कॉस्टेबल हेमंत चन्याल, कॉस्टेबल मुजफ्फर अली, कॉस्टेबल घनश्याम आर्या, कॉस्टेबल मुन्ना सिंह, कॉस्टेबल नसिम अहमद, कॉस्टेबल रियाज अहमद (एसटीएफ), कॉस्टेबल अनिल गिरि (एसओजी) थे।

लालकुआं में भी दिया वारदात को अंजाम
कालिया मूलरूप से कटघर मुरादाबाद उत्तर प्रदेश और आबिद वर्तमान में कटघर मुरादाबाद में किराए के घर में रह रहा है। इस दोनों ने पूछताछ में कई वारदातें कबूल की हैं और पुलिस को बताया है कि हाल ही में उन्होंने लालकुआं में भी एक वारदात को अंजाम दिया था। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि इन दोनों ने लालकुआं में किसके घर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

ये हुई बरामदगी
एक गले की चैन, मंगलसूत्र पेण्डल, सोने की दो अंगुठी, सोने के झुमके, सोने के टॉप्स, सोने की नाक का फूल्ली, सोने की चेन बरामद की है। इसके अलावा चार जोड़ी पायल, चार जोड़े खड़वे, चार जोड़े कमर बंद, एक ब्रेसलेट और चांदी के दो सिक्के बरामद हुए हैं। आरोपी आबिद के खिलाफ गदरपुर में पांच, मुरादाबाद में एक और बनभूलपुरा में एक रिपोर्ट दर्ज की है।

संबंधित समाचार