तराई किसान सभा के अध्यक्ष बोले- मेरी हत्या कराना चाहती है यूपी सरकार, जारी किया वीडियो संदेश
रुद्रपुर, अमृत विचार। तीन अक्तूबर को लखीमपुर खीरी कांड में घायल हुए तराई किसान संगठन के अध्यक्ष तेजेंदर सिंह विर्क ने आरोप लगाया है कि यूपी की भाजपा सरकार उनकी हत्या कराना चाहती है। उनके बयान का एक वीडियो सामने आया है, जो उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल से जारी किया है। सिर में गंभीर …
रुद्रपुर, अमृत विचार। तीन अक्तूबर को लखीमपुर खीरी कांड में घायल हुए तराई किसान संगठन के अध्यक्ष तेजेंदर सिंह विर्क ने आरोप लगाया है कि यूपी की भाजपा सरकार उनकी हत्या कराना चाहती है। उनके बयान का एक वीडियो सामने आया है, जो उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल से जारी किया है। सिर में गंभीर चोट व दिमाग मे खून के थक्के जमने के बाद विर्क को रुद्रपुर से हायर सेंटर रेफर किया गया था।

अस्पताल में सफल आपरेशन के बाद होश में आए विर्क ने उक्त बयान जारी किया है। हालांकि लखीमपुर में किसानों और प्रशासन के बीच समझौता हो गया है, लेकिन अज्ञात किसानों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है। विर्क का कहना है कि मामला ठंडा होने पर पुलिस उनको भी फंसा सकती है। सोशल मीडिया पर एक अन्य वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें प्रदर्शन कर रहे किसानों पर गाड़ी चढ़ाते हुए दो वाहन चालकों को साफ देखा जा सकता है। इस वीडियो में दिखता है कि कार चालकों ने पीछे से किसानों को रौंदा और तेजी से आगे निकल गए। इस वीडियो से लखीमपुर कांड का सच काफी हद तक सामने आ गया है।
इस हमले में घायल विर्क ने पचास सेकंड का वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि उन पर गोली भी चलाई गई, लेकिन गोली उनके पास से निकल गई। सूत्रों की मानें तो अतीत में समाजवादी पार्टी से ताल्लुक रखने वाले विर्क यूपी पुलिस के निशाने पर हैं। चूंकि इस मामले में अज्ञात किसानों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज है, इसलिए मामला ठंडा होने के बाद पुलिस विर्क को लपेट सकती है। इस आशंका से राजनीति जे जानकार भी इंकार नहीं कर रहे। यहां बता दें कि विर्क लंबे समय से किसान हित के मुद्दों को लेकर संघर्ष करते रहे हैं और साफ छवि के नेता हैं।
