हल्द्वानी: समस्याओं से पटा आदर्श नगर मुखानी, यहां सड़कें बताती हैं विकास की कहानी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। आदर्श नगर मुखानी वार्ड के विकास का अंदाजा वहां की सड़कों को देखकर लगाया जा सकता है। पिछले 15 साल से कॉलोनियों की सड़कें ही नहीं बनी हैं। गड्ढे और उधड़ी सड़क के कारण आए दिन हादसे होते हैं। इसके बावजूद इसके वार्ड के विकास को लेकर जिम्मेदार विभाग में कोई कार्रवाई …

हल्द्वानी, अमृत विचार। आदर्श नगर मुखानी वार्ड के विकास का अंदाजा वहां की सड़कों को देखकर लगाया जा सकता है। पिछले 15 साल से कॉलोनियों की सड़कें ही नहीं बनी हैं। गड्ढे और उधड़ी सड़क के कारण आए दिन हादसे होते हैं। इसके बावजूद इसके वार्ड के विकास को लेकर जिम्मेदार विभाग में कोई कार्रवाई होती नहीं दिखती है। पानी से लेकर स्ट्रीट लाइटों तक समस्याएं बनी हुई हैं।

शहर के वार्ड संख्या-50 की पड़ताल के दौरान जब कॉलोनियों का जायजा लिया तो सड़कों का हाल देख विकास की तस्वीर सामने आ गई। इस वार्ड में आदर्श नगर गली नंबर छह, दुर्गा कॉलोनी, गणेश विहार, बसंत विहार सहित अधिकांश कॉलोनियों की सड़कें खस्ताहाल मिली। लोगों से बातचीत में पता चला कि ये सड़कें प्रतिदिन दुश्वारियों का कारण तो बनती ही हैं, साथ ही कई हादसे भी इन सड़कों पर होते रहे हैं। कई बार बाइक गिरने से लोगों को गंभीर चोटें भी आई हैं। गलियों में पुलिया टूटने के बाद लोग समस्या को लेकर शिकायत करते हैं, लेकिन नगर निगम लगातार अनदेखी कर वार्ड के प्रति उदासीनता जाहिर करता है।

वार्ड संख्या-50
आदर्श नगर मुखानी
आबादी-दस हजार से ज्यादा
कॉलोनियां-श्याम विहार फेज टू, आदर्श नगर फेज वन से सात तक, सुनार गली नंबर सात, मुरारीजी के बगीचे से सद्भावना कॉलोनी एबीसीडी, लालडांठ, बसंत विहार, कृष्णा कॉलोनी, जगन्नाथ विहार, गणेश विहार आदि।

समस्या-1
स्ट्रीट लाइटें तो दूर खंभे तक नहीं
वार्ड में स्ट्रीट लाइटें तो दूर नगर निगम ने खंभे तक नहीं लगाए हैं। रात में गलियों में अंधेरा छा जाता है। त्योहार पर भी उन्हें इसी सन्नाटे के साथ रहना पड़ता है। नगर निगम द्वारा शहर में स्ट्रीट लाइटों को लगाए जाने का अभियान चल रहा है। बावजूद इसके वार्ड में अब तक इस काम की शुरूआत नहीं हो सकी है। आदर्श नगर गली नंबर चार सहित कई कॉलोनियों में तो खंभे भी नहीं हैं, जिस वजह से वहां लाइटें कैसे लगेंगी, निगम इसकी भी परवाह नहीं कर रहा है।

समस्या-2
पेयजल को लेकर भटकते हैं लोग
पिछले चार दिनों से वार्ड के लोग पानी को तरस रहे हैं। कोई निजी टैंकरों से पूर्ति कर रहा है तो कोई जल संस्थान के फोन घनघनाकर अपनी समस्या को दूर करने की कोशिश में जुटा है। लेकिन बावजूद इसके उनकी समस्या हल नहीं हो पा रही है। बड़ी दिक्कत पानी की पुरानी लाइनों को लेकर भी है। क्षमता कम होने के कारण कुछ समय तक ही लोगों के घरों में पानी पहुंच पाता है। नलकूप का कनेक्शन न होने से भी यह दिक्कत ज्यादा गहराती है।

समस्या-3
वार्ड में नहीं है सीवर लाइन
सीवर लाइन को लेकर वार्ड में सर्वे तक नहीं हो सका है। जनसंख्या अधिक और सकरी गलियां होने से टैंक की सफाई को लेकर लोगों को काफी परेशानी होती है। कई बार यह दिक्कत कई दिन तक लोगों को सताती है। परेशान लोगों के द्वारा लगातार सीवर लाइन को लेकर मांगे उठी हैं, लेकिन अब तक निगम की ओर से इस वार्ड में कोई कार्रवाई होती नहीं दिख रही है।

-आदर्श नगर गली नंबर छह की सड़क बहुत खराब है। आए दिन लोगों के साथ दुर्घटना भी होती है। कई सालों से यह सड़क नहीं बनी है। – अंकित नेगी

-चार दिन से पानी नहीं आ रहा है। गौला का एक कनेक्शन है, जिससे भी ठीक से पूर्ति नहीं होती है। जब कभी पानी आता भी है तो भी पेयजल समस्या बनी रहती है। – कुंदन सिंह बिष्ट

– दुर्गा कॉलोनी की सड़क पर गड्ढे हो गए हैं। कई बार लोग गिरकर गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। लगातार सड़क से होने वाली दुश्वारियां बढ़ती रहती हैं। – राकेश शाह

-पानी का बहुत संकट है। इधर-उधर से पानी की व्यवस्था करनी पड़ती है। नलकूप का पानी भी दिया जाना चाहिए। पेयजल संकट की वजह से काफी परेशानी होती है। – ललिता पांडे

– सफाई करने के लिए कोई कर्मचारी ही नहीं आता है। खुद ही झाड़ू लेकर जुटना पड़ता है। नालियों के भी चोक होने की दिक्कत बनी रहती है। – सरोज पांडे

-हमारे वार्ड के साथ निगम सौतेला व्यवहार कर रहा है। न ही स्ट्रीट लाइटें लगाईं, सीवर को लेकर भी कोई सर्वे नहीं, 15 साल से सड़क नहीं बनी, पेयजल संकट बना रहता है। – नीमा भट्ट, पार्षद

संबंधित समाचार